होम / CM Yogi MP Visit: उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किए बाबा महाकाल दर्शन

CM Yogi MP Visit: उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किए बाबा महाकाल दर्शन

Itvnetwork Team • LAST UPDATED : September 14, 2023, 1:42 pm IST

India News ( इंडिया न्यूज), Prem Dodiya, CM Yogi MP Visit: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान महाकाल के दर्शन व पूजा-अर्चना की। महाकाल दर्शन के बाद सीएम योगी भर्तृहरि गुफा पहुंचे। यहाँ महंत पीर रामनाथ ने विशेष पूजन अर्चन करवाया।

पुजारियों ने भगवान महाकाल के आशीर्वाद स्वरूप पहनाई माला

महाकाल मंदिर में सीएम योगी के स्वागत में रेड कारपेट बिछाया गया था। सीएम योगी नाथ संप्रदाय के स्थानीय संत बालयोगी उमेशनाथजी महाराज तथा पीर रामनाथ जी महाराज के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह से भगवान महाकाल का अभिषेक-पूजन किया। पुजारियों ने उन्हें भगवान महाकाल के आशीर्वाद स्वरूप माला पहनाई। इसके बाद योगी नंदी मंडपम् में पहुंचे तथा नंदीजी का अभिषेक-पूजन किया। यहां पुजारियों ने उन्हें शांति पाठ सुनाया।

अखाड़े की परंपरा अनुसार उनका स्वागत किया गया

मंदिर प्रबंध समिति की ओर से कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम व प्रशासक संदीप कुमारी सोनी ने उन्हें भगवान महाकाल का चित्र व प्रसादी भेंट कर सम्मानित किया। योगी महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित महानिर्वाणी अखाड़े भी पहुंचे। यहां महंत विनीत गिरी महाराज द्वारा अखाड़े की परंपरा अनुसार उनका स्वागत किया गया।

योगी ने नाथ सम्प्रदाय की भर्तृहरि गुफा के दर्शन किए

महाकाल दर्शन के बाद सीएम योगी गढ़कालिका क्षेत्र स्थित भर्तृहरि गुफा पहुंचे। यह स्थान देशभर के नाथ संप्रदाय के प्रमुख धर्म स्थल में से एक है। यहां नाथ संप्रदाय की परंपरा अनुसार उनका स्वागत किया। योगी ने भर्तृहरि गुफा के दर्शन किए तथा राजा भर्तृहरि की साधना स्थली की पूजा-अर्चना की। उन्होंने बटुकों को आशीर्वाद दिया तथा आश्रम की गोशाला में गोसेवा कर गायों को गुड़ खिलाया। फिर भोजन प्रसादी ग्रहण की। सीएम योगी भर्तृहरि गुफा में करीब 50 मिनट रुके। इस दौरान साधु-संतों की मौजूदगी में रामनाथ जी व बालयोगी उमेशनाथ जी ने 51 किलो वजन का पीतल से बना त्रिशूल भेंट कर उनका सम्मान किया।

योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाने के लिए दो बार हुआ मिर्ची यज्ञ

योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उज्जैन में नाथ संप्रदाय द्वारा मिर्ची यज्ञ कराया जा चुका है। वर्ष 2017 और वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले उज्जैन में महंत पीर रामनाथ महाराज द्वारा मिर्ची यज्ञ किया गया था । इस यज्ञ में 11 क्विंटल मिर्ची से हवन किया गया। शास्त्रों के अनुसार विजय संकल्प के लिए मिर्ची यज्ञ किया जाता है। ऐसी मान्यता है कि महाभारत काल में पांडवों ने मिर्ची यज्ञ किया था। जिसके कारण उन्होंने कौरवो पर विजय हासिल की। मिर्ची यज्ञ के माध्यम से मां बगुलामुखी का आह्वान किया जाता है। वर्तमान समय में भी राजनेता अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए यह मिर्ची यज्ञ करवाते हैं। योगी आदित्यनाथ नाथ संप्रदाय से जुड़े हैं इसलिए उज्जैन में उनके लिए नाथ संप्रदाय द्वारा विजय संकल्प का आह्वान करते हुए मिर्ची यज्ञ करवाया जाता है।

ये भी पढ़ें –

Get Current Updates on News India, India News, News India sports, News India Health along with News India Entertainment, India Lok Sabha Election and Headlines from India and around the world.