India News (इंडिया न्यूज), Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के बाद भी नवविवाहिता अपनी ससुराल नहीं जा सकी। इसकी वजह बना शादी से पहले कराया गया फेशियल, जिससे दुल्हन की त्वचा पर गंभीर रिएक्शन हो गया।
इंदौर में हनी सिंह का लाइव कॉन्सर्ट,नगर निगम की शर्तें और रूट प्लान हुआ जारी
Nalanda News
जानकारी के मुताबिक, शादी से पहले युवती ने जैतीपुर स्थित एक ब्यूटी पार्लर से 500 रुपये में फेशियल करवाया था। बताया गया कि यह फ्रूट फेशियल होगा, लेकिन पार्लर वालों ने गलती से गोल्ड फेशियल कर दिया। ऐसे में, कुछ ही घंटों बाद दुल्हन के चेहरे पर जलन शुरू हो गई और धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। बता दें, गुरुवार की रात शादी की सभी रस्में निभाई गईं, लेकिन त्वचा पर जलन के कारण दुल्हन परेशान रही। शुक्रवार सुबह तक उसके चेहरे की लाली और जलन बढ़ गई। परिवार ने स्थानीय डॉक्टर से इलाज कराया, लेकिन समस्या बनी रही।
बताया गया है कि, जब विदाई का समय आया, तो दूल्हे सुभाष ने दुल्हन को ससुराल ले जाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक दुल्हन की हालत पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक वह उसे अपने घर नहीं ले जा सकते। पहले उचित इलाज कराया जाएगा, फिर दुल्हन को ससुराल लाया जाएगा। इस घटना से आहत नई दुल्हन अपने पति के साथ चंडी थाना पहुंची और ब्यूटी पार्लर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पार्लर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है और मामले की छानबीन की जा रही है।
फिलहाल इस घटना के कारण इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग इस बात पर चिंता जता रहे हैं कि ब्यूटी पार्लर की लापरवाही किसी के जीवन पर कितना भारी पड़ सकती है। वहीं दूसरी तरफ, दूल्हे के फैसले की सोशल मीडिया पर भी तारीफ हो रही है, क्योंकि उसने दुल्हन की सेहत को प्राथमिकता दी। नालंदा की इस घटना ने ब्यूटी पार्लर की लापरवाही और स्किन केयर प्रोडक्ट्स के सही इस्तेमाल के प्रति सतर्कता की जरूरत को उजागर किया है।