India News Bihar (इंडिया न्यूज), Bihar Land Survey: बिहार में चल रहे भूमि सर्वे के पहले चरण को लेकर राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने जानकारी दी कि पहले चरण में लोगों की मांग पर सर्वे की समयसीमा बढ़ा दी गई है। बता दें कि यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि सर्वे के दौरान कई स्थानों पर लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब उन्हें अपनी भूमि से संबंधित जानकारी और दस्तावेज़ तैयार करने के लिए अधिक समय मिल सकेगा।
जानें डिटेल में
मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि सर्वे का काम तेजी से चल रहा है, लेकिन लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए यह समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे आम लोगों में राहत और उत्साह देखने को मिला है। साथ ही, विभाग की ओर से जल्द ही इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसमें सर्वे की नई तारीखों की जानकारी होगी। हालांकि साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया है कि भूमि सर्वे की प्रक्रिया पूरी तरह से रुकेगी नहीं, केवल समयसीमा बढ़ाई गई है। बाकी सभी प्रक्रियाएं जैसे पहले जारी थीं, वैसे ही जारी रहेंगी।
पिछले महीने हुआ था सर्वे शुरू
जानकारी के मुताबिक मंत्री ने यह भी कहा कि पहले चरण के सर्वे के समाप्त होने की तारीख पर भी जल्द ही फैसला लिया जाएगा और नोटिफिकेशन में इसकी पूरी जानकारी होगी। गौरतलब है कि बिहार में भूमि सर्वे का पहला चरण 20 अगस्त से शुरू हुआ था। सर्वे के दौरान जमीन से संबंधित कई समस्याएं सामने आई थीं, जिनको देखते हुए विभाग ने यह बदलाव किया है। सरकार ने आम लोगों के आराम और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है, जिससे भूमि सर्वे का काम सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।