India News (इंडिया न्यूज)Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार (19 मई, 2025) को बेगूसराय में पाकिस्तान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आंतरिक कलह से जूझ रहा है। पीओके में अलग से हंगामा हो रहा है और बलूच लोग अलग होने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीओके भारत का है और रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद का समर्थन नहीं करता है। आतंकवाद कभी भी जनहित में नहीं रहा है। अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और मुंबई हमलों का जिक्र करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पीएम मोदी को दुनिया का समर्थन हासिल है।
गिरिराज सिंह ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आम लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। पाकिस्तान की तरफ से सीमावर्ती इलाकों में भारत के लोगों पर हमले हुए।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत ने सिर्फ आतंकवाद पर हमला किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “आतंकवाद का नाश होना चाहिए। कल भी पाकिस्तान में एक आतंकवादी मारा गया। हमें नहीं पता कि उसे किसने मारा। पड़ोसी देश की हालत ठीक नहीं है।” गिरिराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान आंतरिक कलह से जूझ रहा है। कुछ देशों को छोड़कर पूरी दुनिया में वह अलग-थलग पड़ गया है।
उन्होंने कहा कि बलूच के लोग पाकिस्तान से अलग होने की मांग कर रहे हैं। पीओके में अलग ही बवाल मचा हुआ है। गिरिराज सिंह ने कहा कि पीओके भारत का है और रहेगा।
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने 26 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारत ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा निकालने का मकसद जवानों की बहादुरी को सलाम करना है।