India News ( इंडिया न्यूज),Giriraj singh: बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए उस पर ‘सस्ती राजनीति’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब ऐसी पार्टी बन गई है जो देशहित की बात नहीं करती, बल्कि सिर्फ नकारात्मक राजनीति करती है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल में शशि थरूर के शामिल होने पर कांग्रेस की आपत्ति को ‘आंतरिक कलह’ का संकेत बताया और कहा कि इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र की कमी है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा भारत की छवि खराब करने की कोशिश करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को देश के हितों से कोई लेना-देना नहीं है, वे सिर्फ नकारात्मक बयानबाजी कर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करते हैं। थरूर जैसे वरिष्ठ नेता को प्रतिनिधिमंडल में शामिल करने पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक संकीर्णता को दर्शाता है।
तुर्की के बहिष्कार के मुद्दे पर गिरिराज सिंह ने साफ कहा कि पाकिस्तान एक आतंकवादी देश बन चुका है और उसका समर्थन करने वाला देश भारत का दोस्त नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, ‘भारत की सेना ने दुनिया को दिखा दिया है कि आतंकवाद से कैसे निपटा जाता है। अब कोई भी देश पाकिस्तान को नहीं बचा सकता।’ इस संदर्भ में उन्होंने तुर्की की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर तुर्की पाकिस्तान का समर्थन करता है तो उसे भारत विरोधी माना जाएगा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि जब कोई देश भारत के दुश्मन देश पाकिस्तान का समर्थन करता है तो भारत के लोगों का गुस्सा स्वाभाविक है। उन्होंने तुर्की और ऐसे अन्य देशों का बहिष्कार करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि भारत के लोग अब समझ गए हैं कि कौन राष्ट्रहित में खड़ा है और कौन सिर्फ राजनीति कर रहा है।