India News ( इंडिया न्यूज),Samrat Choudhary: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार किया। उन्होंने तेजस्वी यादव को ‘बउआ’ कहते हुए कहा कि उन्हें जो लिखकर दिया जाता है, वही वे पढ़ते हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सदन में वित्तीय वर्ष 2025-2026 के बजट पर चल रही चर्चा के बाद सरकार का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को वर्ष 2005 में एक कबाड़ कार मिली थी, जिसे उन्होंने मर्सिडीज में बदल दिया। वे 20 वर्षों से बिहार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में बिहार हर मानक पर तेजी से विकास कर रहा है। उपमुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे 34 वर्ष के हैं और 74 वर्षीय नीतीश कुमार की बराबरी करना चाहते हैं। जो काम आज 74 वर्ष की उम्र में नीतीश कुमार करेंगे, वह 34 वर्षीय तेजस्वी यादव नहीं कर पाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार के विकास में लालू यादव का कोई योगदान नहीं है। विपक्ष ने कहा है कि पैसा खर्च नहीं हुआ, जो सरासर झूठ है। सच तो यह है कि हम 95 से 98 फीसदी राशि खर्च करते रहे हैं। हमारी सरकार 12 लाख सरकारी नौकरी और 38 लाख लोगों को रोजगार देने जा रही है।” उन्होंने तेजस्वी यादव पर मेडिकल कॉलेज खोलने को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे झूठ फैला रहे हैं। लालू यादव के शासन में एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं खुला। अब बिहार सरकार सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने जा रही है। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्तमान में बिहार में 34 फीसदी लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं।
जब नीतीश कुमार सत्ता में आए थे, तब 54 फीसदी लोग गरीबी रेखा से नीचे थे। तेजस्वी यादव पढ़ाई नहीं कर सके, यहां तक कि अगर वे खेल के मैदान में भी गए, तो अपने पूरे खेल करियर में केवल 37 रन ही बना पाए। उन्होंने कहा कि लालू यादव कहते थे कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होता और उन्होंने इस कथन को नहीं अपनाया। लेकिन, बिहार की जनता किसी रानी के पेट से राजा को जन्म नहीं लेने देगी।