India News (इंडिया न्यूज), Tejashwi Yadav: बिहार की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर तीखा हमला बोला। बता दें, उन्होंने राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा, “इनके हसबैंड जेल गए तो अपनी वाइफ को मुख्यमंत्री बना दिया। कोई मतलब है जी?” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और विपक्ष ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
Tejashwi Yadav
जानकारी के अनुसार, सदन में नीतीश कुमार की इस टिप्पणी के दौरान राबड़ी देवी चुपचाप अपनी सीट पर बैठी रहीं और कुछ नहीं बोला। लेकिन, उनके बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। तेजस्वी ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह याद रखना चाहिए कि राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं।” ऐसे में तेजस्वी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पद की एक गरिमा होती है, लेकिन नीतीश कुमार ने जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह शर्मनाक और अस्वीकार्य है।
बता दें, सदन में सिर्फ राबड़ी देवी ही नहीं, बल्कि आरजेडी की महिला विधायकों पर भी नीतीश कुमार भड़क गए। उन्होंने कहा, “ये लोग बनी हुई हैं, लेकिन इन्होंने महिलाओं के लिए कुछ किया क्या?” नीतीश कुमार का यह बयान विपक्ष को रास नहीं आया और इस मुद्दे को लेकर आरजेडी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच हुई यह बहस बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर सकती है। आने वाले दिनों में जदयू और राजद के बीच यह सियासी जंग और तेज होने की संभावना है।