India News Bihar(इंडिया न्यूज), Vijay Kumar Sinha: बिहार के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा ने हाल ही में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद प्रमुख लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव, और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
विजय सिन्हा ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं, उनकी संपत्तियां लूटी जा रही हैं और उन्हें हिंसा का शिकार होना पड़ रहा है। इन सब घटनाओं के बावजूद, देश के विपक्षी नेता और अन्य प्रमुख व्यक्तित्व इस मुद्दे पर चुप हैं।
Vijay Kumar Sinha: ‘बांग्लादेश के हिन्दुओं की चीत्कार नहीं सुन…’, विपक्ष पर बरसे विजय सिन्हा
गया के विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में विजय सिन्हा ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता और अन्य बड़े नेता इस गंभीर स्थिति पर चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि हिंदुओं की मां-बहन की चीत्कार सुनाई नहीं दे रही है।
तेजस्वी यादव पर भी विजय सिन्हा ने करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय सिर्फ ट्वीट कर रहे हैं और वास्तविक समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे। सिन्हा ने यह भी कहा कि बिहार सरकार के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाना आसान है, लेकिन सरकार को सजग करके उसकी कमियों को बताना चाहिए। इसके साथ ही, विजय सिन्हा ने ट्रांसफर-पोस्टिंग में चढ़ावा लेने के आरोपों को खारिज किया और कहा कि आरोप लगाने से कोई समाधान नहीं निकलता। जो भी आरोप हैं, उन्हें प्रमाणित करना चाहिए।