India News (इंडिया न्यूज)India-Pakistan Ceasefire: पाकिस्तान ने एक बार फिर युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए सीमा पर तनाव कम होने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। यह घटनाक्रम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर शांति बनाए रखने पर सहमति बनने के कुछ ही घंटों बाद सामने आया है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया, जिसका भारतीय सेना के जवानों ने त्वरित और मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि, इस संबंध में भारतीय सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
आज ही ट्रंप ने दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम समझौते को लेकर ट्वीट किया था, जिसकी पुष्टि भारत और पाकिस्तान दोनों ने ही की थी। इस समझौते के बाद सीमा पर शांति की उम्मीद जगी थी, लेकिन पाकिस्तान की इस हरकत ने एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब दोनों देशों के बीच संबंध पहले से ही काफी तल्ख हैं। सीमा पर हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कड़ा रुख अपनाया था। अब इस संघर्ष विराम उल्लंघन से शांति प्रयासों को जोरदार झटका लगा है और सीमा पर अनिश्चितता का माहौल फिर से कायम हो गया है। हालाँकि, भारतीय सेना पूरी तरह सतर्क है और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
पाकिस्तान के साथ युद्ध विराम की घोषणा के बाद पीएम मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सीडीएस, तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।