India News (इंडिया न्यूज), Lucknow: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश केंद्र सरकार के अंतरिम बजट में यूपी में भी योजनाओं के लिए पैसा मिलेगा। योजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश को करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को पेश किए गए केन्द्रीय बजट से उत्तर प्रदेश को 2024-25 में केन्द्रीय करों में राज्यांश के रूप में 218816.84 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। वहीं दूसरी केन्द्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं में उत्तर प्रदेश को 1.30 लाख करोड़ रुपये की धनराशि मिलेगी। इसमें केन्द्रीय अनुदान करीब 90,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। साथ ही स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इंवेस्टमेंट के रूप में उत्तर प्रदेश को करीब 18,000 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इसके अलावा वित्त आयोग से करीब 15,000 करोड़ रुपये मिल सकते हैं।
मुख्य जानकारी
सेंट्रल टैक्स में यूपी की सबसे अधिक करीब 18 प्रतिशत होगी हिस्सेदारी
अगले तीन साल में यूपी में होंगी 29 लाख लखपति दीदी
केन्द्रीय करों में 18 फीसदी होगी यूपी की हिस्सेदारी
केन्द्रीय करों में देश में यूपी की हिस्सेदारी सबसे अधिक होगी। यूपी को केन्द्रीय करों में करीब 18 प्रतिशत मिलेगा। ये देश में सबसे अधिक है। केन्द्रीय करों में यूपी को सबसे अधिक इनकम टैक्स से मिलेगा। ये धनराशि करीब 75716 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। पिछले कुछ साल में केन्द्रीय करों में यूपी की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश को केन्द्रीय करों में राज्यांश का हिस्सा के रूप में 2023-24 में 183237.5 करोड़ रूपये मिलने का अनुमान था। वित्तीय वर्ष 2023-24 के आंकड़ों के अनुसार अनुमानतः 198135 करोड़ रूपये मिलेगा जो मूल अनुमान से लगभग 15000 करोड़ रूपये अधिक है।
यूपी की 29 लाख से अधिक महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय बढ़ाने के लिए केन्द्र सरकार ने अंतरिम बजट में तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। इस योजना का सबसे ज्यादा फायदा उत्तर प्रदेश को मिलेगा। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुताबिक अगले तीन साल में करीब 19 लाख स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाएगा। मौजूदा समय में इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में करीब 10.45 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। यानी अब कुल करीब 29 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा।
1.63 लाख आशा बहुओं को मिलेगा आयुष्मान कार्ड
बजट में वित्तमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को आयुष्मान योजना के दायरे में लाने का ऐलान किया है। इसका सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। उत्तर प्रदेश में करीब 1.63 लाख आशा कार्यकर्ता हैं। जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा योजना मिलेगा।
यह भी पढ़ेंः-
- Petrol Diesel Price: कच्चे तेल के दामों में बदलाव, जानिए आपके शहर में कितना बढ़ा भाव
- Ram Mandir: राम मंदिर का हर दिन नया रिकॉर्ड, 11 दिन में 25 लाख श्रद्धालु पहुंचे, इतने करोड़ का मिला दान