<
Categories: बिज़नेस

दुनिया के AI चिप किंग पर क्यों उठे सवाल? Nvidia बोर्ड खंगालेगा विदेशी खुफिया कनेक्शन

Nvidia CEO जेनसन हुआंग के चीनी कारोबारी महिला से कथित संबंधों की जांच होगी. बोर्ड ने विदेशी जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की पड़ताल शुरू की.

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग एक नए विवाद में घिर गए हैं. कंपनी का बोर्ड इस बात की जांच कर रहा है कि क्या हुआंग विदेशी खुफिया एजेंसी के निशाने पर थे और क्या उन्हें चीन की ओर से किसी तरह प्रभावित करने की कोशिश की गई थी. यह मामला एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से उनके कथित संबंधों को लेकर सामने आया है. अमेरिकी अधिकारियों ने एलिस हुआंग को चीन के लिए खुफिया जानकारी जुटाने वाला एजेंट बताया था. हालांकि, इस पूरे मामले में सामने आए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

रॉयटर्स के हवाले से आई द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड (Megaspeed) की पूर्व एग्जीक्यूटिव रह चुकी हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने कंपनी की जांच की थी. आरोप है कि एलिस ने Nvidia के प्रमुख जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध बनाए और बीजिंग तक महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाईं. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है.

कौन हैं जेनसन हुआंग?

63 वर्षीय जेनसन हुआंग दुनिया के सबसे प्रभावशाली टेक्नोलॉजी कारोबारियों में शामिल हैं. उन्होंने 1993 में क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर Nvidia की स्थापना की थी. कंपनी की स्थापना के बाद से ही वह इसके CEO बने हुए हैं. इस तरह वह सिलिकॉन वैली के सबसे लंबे समय तक कंपनी का नेतृत्व करने वाले संस्थापकों में शामिल हैं.

ताइवान में जन्मे हुआंग का पालन-पोषण अमेरिका में हुआ. उन्होंने Nvidia को वीडियो गेम के लिए ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से बदलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप की दुनिया की सबसे बड़ी सप्लायर कंपनी बना दिया.

हुआंग अपनी खास लेदर जैकेट और बड़े टेक्नोलॉजी इवेंट्स में नए प्रोडक्ट लॉन्च करने के अंदाज के लिए भी मशहूर हैं. उनकी पहचान Nvidia की सफलता के साथ जुड़ी हुई है.

हुआंग की शादी लॉरी हुआंग से हुई है. दोनों की मुलाकात इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान हुई थी. उनके दो बच्चे हैं और दोनों Nvidia में काम करते हैं. बेटी मैडिसन हुआंग कंपनी में फिजिकल AI प्लेटफॉर्म के लिए प्रोडक्ट और टेक्निकल मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर हैं, जबकि बेटा स्पेंसर हुआंग रोबोटिक्स सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स का प्रबंधन करते हैं.

रिपोर्ट सामने आने के बाद हुआंग ने रविवार को कर्मचारियों को भेजे संदेश में पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और अपने व्यवहार की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही.

क्या करती है Nvidia?

Nvidia के चिप्स आज की टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री की रीढ़ बन चुके हैं. कंपनी के प्रोसेसर का इस्तेमाल वीडियो गेम, क्लाउड कंप्यूटिंग, सेल्फ-ड्राइविंग कार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में होता है.

कंपनी ने AI सेक्टर की संभावनाओं को काफी पहले पहचान लिया था. यही वजह रही कि 2022 के आखिर में ChatGPT लॉन्च होने और दुनियाभर में AI की मांग बढ़ने के समय Nvidia के चिप्स इस बदलाव के केंद्र में थे.

कंपनी की वैल्यूएशन में भी जबरदस्त उछाल आया है. 2022 के आखिर में करीब 420 अरब डॉलर की मार्केट वैल्यू वाली Nvidia की वैल्यूएशन 6 नवंबर 2026 तक बढ़कर लगभग 4.5 लाख करोड़ डॉलर हो गई थी.

कौन हैं एलिस हुआंग और क्या है मेगास्पीड का मामला?

इस विवाद में सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड और उसकी पूर्व एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग की भूमिका अहम है.अमेरिका को संदेह है कि मेगास्पीड ने चीन को Nvidia के एडवांस्ड AI चिप्स तक पहुंच बनाने में मदद की. इन चिप्स के चीन को निर्यात पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी नागरिक एलिस हुआंग ने जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध विकसित किए थे और कथित तौर पर बीजिंग को जानकारी पहुंचाई थी. हालांकि, रॉयटर्स इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाया है. एलिस की मौजूदा नौकरी और उनके ठिकाने की भी पुष्टि नहीं हो सकी है.

मेगास्पीड की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी Nvidia की क्लाउड पार्टनर है और एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में Nvidia के GB200 NVL72 और HGX H100 चिप्स उपलब्ध कराती है.

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए क्यों अहम है मामला?

अमेरिका और चीन के बीच AI टेक्नोलॉजी को लेकर प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. अमेरिकी सरकार ने 2022 से चीन को एडवांस्ड AI चिप्स के निर्यात पर कई प्रतिबंध लगाए हैं. ऐसे में Nvidia के CEO के कथित चीन कनेक्शन ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.अमेरिकी संसद के वरिष्ठ रिपब्लिकन सांसदों ने भी इस रिपोर्ट के बाद जेनसन हुआंग से मामले पर जानकारी मांगी है.

Nvidia का कहना है कि उसके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय रहस्य प्रभावित हुए हैं. हालांकि, कंपनी ने मामले की जांच के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक कमेटी बनाई है, जो बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से उपलब्ध सभी जानकारियों की समीक्षा करेगी.

कंपनी के मुताबिक, जेनसन हुआंग जांच का पूरा समर्थन कर रहे हैं और इसमें सहयोग करने के लिए तैयार हैं. इस जांच के नतीजे Nvidia के नेतृत्व के साथ-साथ अमेरिका-चीन टेक्नोलॉजी प्रतिस्पर्धा के लिहाज से भी अहम साबित हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें:  एक महिला, 4.8 अरब डॉलर की चिप डील और चीन का जासूसी एंगल, कौन हैं Alice Huang? 

Lalit Rai

Recent Posts

Ujjain Govardhan Puja: आस्था या अटूट विश्वास…सड़क पर लेट गए सैकड़ों लोग, ऊपर से दौड़ा दिया गायों का झुंड; क्या है उज्जैन की इस परंपरा का रहस्य?

Ujjain Govardhan Puja: उज्जैन के तीन गांवों में गोवर्धन पूजा पर अनोखी गोरी गोपाल परंपरा…

Last Updated: November 9, 2026 14:14:18 IST

Nvidia के शेयरों में भूचाल, 5.8% तक टूटे शेयर, निवेशकों की नजर अब बोर्ड के अगले फैसले पर

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप निर्माता कंपनियों में शामिल Nvidia के शेयरों में सोमवार,…

Last Updated: November 9, 2026 14:04:19 IST

Samsung Galaxy S27 Launch Date: कब लॉन्च होगी Samsung Galaxy S27 4 मॉडल के साथ आएगी नई सीरीज, मिलेगा 200MP कैमरा और नया Pro वेरिएंट

Samsung Galaxy S27 सीरीज को लेकर लॉन्च से पहले कई बड़े लीक्स सामने आए हैं.…

Last Updated: November 9, 2026 13:34:21 IST

Bareilly SI Viral Video: खाकी वर्दी में दरोगा जी गटकते रहे शराब, वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Bareilly SI Viral Video: जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान…

Last Updated: November 9, 2026 13:32:02 IST

नवंबर में अभी कई दिन बंद रहेंगे बैंक, दिवाली से गुरु नानक जयंती तक छुट्टियों की भरमार, UPI-ATM जैसी सेवाएं रहेंगी चालू

दिवाली से जुड़े त्योहारों के कारण देश के कई शहरों में आज बैंक बंद हैं.…

Last Updated: November 9, 2026 13:14:00 IST