India News (इंडिया न्यूज), CG Weather News Today: छत्तीसगढ़ में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है और आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। वहीं, दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में राजनांदगांव में सबसे अधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बलरामपुर और रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
CG Weather News Today
मौसम विभाग ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में प्रभावी हो सकता है। इससे उत्तरी हवाओं का प्रभाव कम होगा और पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इसका असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देगा, जिससे प्रदेश में 13 मार्च तक तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में 9 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 20°C रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, 13 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। हालांकि, कुछ जिलों में हल्के बादल देखे जा सकते हैं।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर में अधिकतम तापमान 32°C से 37°C तक हो सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 8°C से 21°C तक रहने का अनुमान है। मौसम शुष्क रहेगा, और ऐसे में नागरिकों को गर्मी और धूप से बचाव के उपायों को ध्यान में रखते हुए सावधान रहने की सलाह दी जाती है।
MP Weather News Today: मौसम का बड़ा बदलाव, ठंडी के बाद अब गर्मी का जोरदार वार