India News Chhattisgarh(इंडिया न्यूज) SBI Fake Branch: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सैकड़ों लोग इसका शिकार हो चुके हैं। यह जानने के बाद आप सोच में पड़ जाएंगे कि क्या ऐसा भी होता है।

क्या है पूरा मामला

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में कुछ लोगों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की फर्जी शाखा खोल दी। साथ ही कुछ स्थानीय लोगों को नौकरी भी दे दी। खुलासा होने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। दरअसल सक्ती के मालखरौदा थाना क्षेत्र के छपोरा गांव में फर्जी शाखा का खुलासा हुआ। यह शाखा वैभवी कॉम्प्लेक्स में खुली है। शाखा के फर्जी होने की शिकायत कुछ दिन पहले मालखरौदा थाने में की गई थी। इसके बाद पुलिस की टीम मुख्य शाखा में जाकर पूछताछ की। इसके बाद पुलिस की टीम जांच करने एसबीआई के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को देखते ही कथित बैंक मैनेजर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बैंक में कार्यरत पांच कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की।

आगे की जांच की जारी

उन्होंने बताया कि हमारी भर्ती इंटरव्यू के जरिए हुई है। साथ ही ट्रेनिंग भी हो चुकी है। वहीं इस खुलासे के बाद एसबीआई के अधिकारी हैरान हैं। पुलिस की टीम फरार मैनेजर की तलाश में जुटी हुई है। इसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इस नाम पर लोगों से कितने पैसे ठगे हैं। एसबीआई के अधिकारियों का कहना है कि जब भी कोई नई शाखा खुलती है तो शहर में मुख्य शाखा को इसकी सूचना दी जाती है। इसके साथ ही एसबीआई की ओर से भर्ती भी की जाती है। इसके साथ ही पुलिस ने फर्जी शाखा से सारी सामग्री जब्त कर ली है। अब आगे की जांच की जा रही है। जब्त कंप्यूटर से कुछ नए सुराग मिल सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस शाखा में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कई लोगों ने यहां पैसे भी जमा किए।