होम / भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, घर-घर जाकर राहुल का संदेश पहुंचाएंगे कांग्रेसी

भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान, घर-घर जाकर राहुल का संदेश पहुंचाएंगे कांग्रेसी

Rizwana • LAST UPDATED : January 18, 2023, 12:00 pm IST

(इंडिया न्यूज़): 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस ने पूरी तरह कमर कस ली है।  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेसी अब घर-घर जाकर हाथ से हाथ जोड़ेंगे। इसके लिए पार्टी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी। राहुल गांधी की यात्रा की समाप्ति के बाद 26 जनवरी को यह अभियान शुरू होगा। यह अभियान दो महीने 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलेगा। झारखंड में यह अभियान फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू होगा।

कांग्रेस के इस अभियान के लिए धनबाद समेत पूरे झारखंड में तैयारियां शुरू हो गई हैं। अभियान शुरू होने के पहले पार्टी का सांगठनिक ढांचा मजबूत किया जा रहा है। प्रखंड व नगर कमेटियों का गठन कर इस अभियान पर कांग्रेसियों को उतारा जाएगा। इस दौरान कांग्रेसी घर-घर जाकर राहुल गांधी का संदेश पहुंचाएंगे। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की विफलताओं से जनता को रूबरू कराएंगे। महंगाई, बेरोजगारी कांग्रेसियों का मुख्य मुद्दा होगा।

प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए राज्य के सभी जिलों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिवों को जिले की जिम्मेवारी दी गई है। साथ ही विधानसभा स्तर पर भी इस मुहिम के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। प्रभारियों ने संबंधित जिलों में मोर्चा भी संभाल लिया है। चंद्रशेखर शुक्ला धनबाद जिला के प्रभारी बनाए गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होकर इस अभियान की तैयारी वह शुरू कर चुके हैं।

माना जा रहा है कि यह अभियान 2024 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव की तैयारी का हिस्सा है। भाजपा का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस फिर से आम लोगों से जुड़ने की पार्टी कवायद करेगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं कार्यकारी जिलाध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने बताया कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान जिले के सभी प्रखंडों में चलाया जाएगा। गांव, पंचायत, प्रखंड से लेकर जिला स्तर पर यह अभियान चलेगा।

Get Current Updates on News India, India News, News India sports, News India Health along with News India Entertainment, India Lok Sabha Election and Headlines from India and around the world.