इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली:
देश में कोरोना एक बार फिर तेजी से वापसी कर रहा है। चौथे दिन कोरोना के 2,000 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। बीते दिन देश में 2,527 नए कोरोना केस मिले, जबकि 33 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है। इससे पहले 17 मार्च को 2,528 केस सामने आए थे। देश में एक्टिव केस की संख्या 15,079 है। इससे पहले 15 हजार से अधिक एक्टिव (15,378) केस 28 मार्च को दर्ज किए गए थे। लगातार नए मामलों में हो रहे उछाल से बहुत जल्द चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली में बढ़ी R-Value
राजधानी दिल्ली में नए मामलों के साथ R-Value भी बढ़ गई है। R-Value वह आंकड़ा बताता है कि कोरोना किस रफ्तार से फैल रहा है। IIT-मद्रास के एनालिसिस के मुताबिक, इस सप्ताह दिल्ली की R-Value 2.1 रही है। यानी हर संक्रमित मरीज कम से कम दो अन्य लोगों में संक्रमण फैला रहा है।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य
दिल्ली के साथ ही देश के प्रमुख राज्यों में लगातार कोरोना के नए मामलों में बढ़ोत्तरी हो रही है। शनिवार को दिल्ली में 1094 नए केस मिले और पॉजिटिविटी रेट 4.82% रही। वहीं, शुक्रवार को 1,042 केस दर्ज किए गए थे और पॉजिटिविटी रेट 4.64% रही। इससे पहले 10 फरवरी को इतनी संख्या में कोरोना केस मिले थे। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। ऐसा नहीं करने पर 500 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : राजधानी में फिर शुरू हुआ पाबंदियों का दौर, सार्वजानिक जगहों पर मास्क नहीं लगाने पर 500 रुपए का जुर्माना
हमें Google News पर फॉलो करे- क्लिक करे !