India News (इंडिया न्यूज),Delhi Weather News Today:अप्रैल के शुरुआत में ही प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। वहीँ राजधानी दिल्ली पर दो साल बाद भीषण गर्मी पड़ेगी। आपको बता दें राजधानी दिल्ली में अप्रैल के महीने में ही लू चलने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से अगले पांच दिनों तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है। जिसके चलते मौसम विभाग ने पहले से ही येलो अलर्ट जारी कर दिया है।
delhi weather news today
दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीँ आठ अप्रैल के बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण तापमान में थोड़ी ठंडक आएगी। दिल्ली में आमतौर पर मई और जून में भीषण गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार मौसम के तेवर तीखे नजर आ रहे हैं। जनवरी, फरवरी और मार्च के महीने दिल्ली में सामान्य से अधिक गर्म रहे। अप्रैल में भी मौसम ऐसा ही रहा। शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप खिली रही। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होती गई। इससे दोपहर के समय लोगों को काफी परेशानी हुई।
साल 2022 में अप्रैल महीने में लगातार चार दिन तक लू चली थी। मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली 8 से 11 अप्रैल 2022 तक लू की चपेट में थी। उस समय अप्रैल महीने का औसत तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। इस बार मौसम भी साल 2022 के पैटर्न पर ही चलता दिख रहा है। हालांकि, अगर साल 2022 से तुलना की जाए तो इस बार लू पहले आने की संभावना है।