आप सुप्रीमों ने वर्चुअल तरीके से कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
इंडिया न्यूज, नई दिल्ली :
पिछले डेढ़ साल से दुनिया जानलेवा संक्रमण कोरोना से जूझ रही है। पूरी दुनिया इसे रोकने के लिए प्रयास कर रही है। दिल्ली सरकार ने भी इस दिशा में अपनी तरफ से पूरे प्रयास किए। दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी ने इस दौरान जन कल्याण के लिए बहुत काम किए हैं। इसके लिए दिल्ली सरकार की चारों ओर सराहना हो रही है। यह बातें दिल्ली में आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की आनलाइन बैठक के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी के दो आदर्श हैं, भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर। कार्यकर्ताओं को केवल सेवा भाव से पार्टी में आना होगा। हमारे कार्यकर्ता यह समझ लें कि कैसे हम जनता की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें भगत सिंह की तरह कुर्बानी देने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। इसी तरह वर्तमान भारत के निर्माण में अंबेडरकर के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि कार्यकर्ता पद की इच्छा न करें बल्कि ऐसा काम करें कि पार्टी जाकर आपके पास कहे कि आप यह पद ले लें।