India News (इंडिया न्यूज), Delhi Assembly Election 2025:दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ चार दिन बाकी हैं और चुनावी प्रचार का शोर 3 फरवरी की शाम को थम जाएगा। ऐसे में सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं, खासकर उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र की बुराड़ी विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। यह सीट बीते तीन चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) का मजबूत गढ़ रही है, लेकिन इस बार भाजपा और कांग्रेस इसे भेदने की पूरी कोशिश में जुटी हैं।

संजीव झा के सामने BJP-JDU और कांग्रेस की चुनौती

AAP ने अपने मौजूदा विधायक संजीव झा को फिर से टिकट दिया है, जो लगातार तीन चुनावों से यहां जीत दर्ज कर रहे हैं। लेकिन इस बार **बीजेपी ने अपने सहयोगी जद (यू) के शैलेन्द्र कुमार को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने मंगेश त्यागी को प्रत्याशी बनाया है। इससे मुकाबला तीर कोणीय हो गया है।

महाकुंभ भगदड़ में घायलों को मिली सुविधाओं से खुश दिखे श्रद्धालु, CM योगी का जताया आभार

बुराड़ी में AAP का दबदबा

2008 में परिसीमन के बाद बनी इस सीट पर कांग्रेस अब तक खाता भी नहीं खोल पाई, जबकि बीजेपी सिर्फ एक बार 2008 में जीतने में सफल रही थी। इसके बाद से AAP ने 2013, 2015 और 2020 में लगातार जीत दर्ज कर इसे अपने मजबूत किले में तब्दील कर दिया।

– 2015 में संजीव झा (AAP) ने BJP के गोपाल झा को 67,950 वोटों से हराया था।
– 2020 में संजीव झा ने 139,598 वोटों के साथ JDU के शैलेन्द्र कुमार (51,440 वोट) को 88,158 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। इस बार BJP, JDU के साथ गठबंधन कर बुराड़ी को जीतने की पूरी ताकत लगा रही है, वहीं कांग्रेस भी दमदार चुनौती पेश कर रही है जिससे मुकाबला और कड़ा हो गया है।

बुराड़ी में चुनावी मुद्दे क्या हैं?

स्थानीय स्तर पर खराब सड़कें, पानी की किल्लत, सीवर और सफाई की समस्या बड़े मुद्दे बने हुए हैं। जनता अपने वोट से किसे मौका देगी, यह 5 फरवरी को मतदान में तय होगा। अगर AAP विरोधी लहर नहीं चली तो संजीव झा एक बार फिर इतिहास रच सकते हैं, लेकिन BJP और कांग्रेस इस किले को ढहाने के लिए पूरा दमखम झोंक रही हैं!