India News (इंडिया न्यूज),Delhi Banti Babli New Case: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे जोड़े को गिरफ्तार किया है जो मशहूर फिल्म बंटी और बबली से प्रेरित होकर मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन (24) और साक्षी (23) के रूप में हुई है, जो अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए राहगीरों को निशाना बनाते थे।
कृष्णा नगर का है मामला
मामला कृष्णा नगर इलाके का है, जहां 18 मार्च 2025 की सुबह करीब 8 बजे भारती कपूर नामक महिला बस का इंतजार कर रही थीं। तभी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आए एक लड़के और लड़की ने झपट्टा मारकर उनका Oppo F-21 मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलते ही कृष्णा नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिरों की मदद से पकड़े गए आरोपी
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएचओ मुकेश राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें एएसआई रजनीश शर्मा, एएसआई कुंवरपाल, हेड कांस्टेबल सचिन, दीपक, सूरज और महिला कांस्टेबल अंतिम शामिल थे। पुलिस ने इलाके में लगे 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाया। मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर DL7CS 7170 ट्रेस कर इसके मालिक तक पहुंचा गया। इसके बाद गुप्त मुखबिरों की मदद से दोनों संदिग्धों की पहचान हुई और पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर अमन और साक्षी को गिरफ्तार कर लिया।
फिल्म से लेकर हकीकत तक, कबूली वारदातें
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने फिल्म बंटी और बबली से प्रेरित होकर स्नैचिंग शुरू की। वे लग्जरी लाइफस्टाइल जीने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 13 जनवरी 2025 को भी उन्होंने एक मोबाइल स्नैच किया था, जिसकी एफआईआर (संख्या 60/2025) दर्ज है। इसके अलावा, 8 मार्च को भी उन्होंने एक अन्य वारदात को अंजाम दिया, हालांकि उसकी शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंची थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने अन्य मामलों में भी संलिप्तता दिखाई है।