India News(इंडिया न्यूज),Delhi Crime News: दिल्ली के महिपालपुर इलाके के एक होटल में ब्रिटिश महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथी को छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को दी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक ब्रिटिश महिला की आरोपी युवक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों में अक्सर बातचीत होती थी। इसके बाद वह आरोपी से मिलने ब्रिटेन से दिल्ली आ गई।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने दुष्कर्म मामले में आरोपी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके दोस्त वसीम पर पीड़ित ब्रिटिश महिला से छेड़छाड़ का आरोप है। पुलिस ने बताया कि महिला महाराष्ट्र और गोवा में छुट्टियां मना रही थी। इसके बाद उसने वहां से कैलाश को फोन किया और उसे अपने साथ आने को कहा। कैलाश ने कहा कि वह यात्रा नहीं कर सकता और उसने महिला से दिल्ली आने को कहा।
महिला मंगलवार को दिल्ली पहुंची और महिपालपुर के एक होटल में रुकी। इसके बाद उसने कैलाश को फोन किया और वह अपने दोस्त वसीम के साथ होटल पहुंच गया। कथित तौर पर उसने उस रात उसके साथ बलात्कार किया। अगली सुबह महिला वसंत कुंज थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
दिशानिर्देशों के अनुसार, पुलिस ने ब्रिटिश उच्चायोग को घटना की जानकारी दे दी है। उच्चायोग भी ब्रिटेन के नागरिक की सहायता कर रहा है। जानकारी के अनुसार, कैलाश एक निजी फर्म में काम करता है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसे अंग्रेजी बोलने में दिक्कत होती है और उससे बात करने के लिए उसे गूगल ट्रांसलेट का इस्तेमाल करना पड़ता है।