India News (इंडिया न्यूज),Delhi Dengue Cases: राजधानी दिल्ली में डेंगू के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते हफ्ते ही 480 नए मरीज सामने आए, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या चार हजार के पार हो गई है। दिल्ली में मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं, जहां बीते सप्ताह मलेरिया के 23 और चिकनगुनिया के 24 नए केस दर्ज किए गए। मलेरिया के कुल मरीज अब 709 हो गए हैं, जबकि चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या 151 पहुंच गई है।
4 साल में सबसे ऊंचा स्तर दर्ज
विशेषज्ञों का मानना है कि तापमान में गिरावट के बावजूद डेंगू के मामले नवंबर में भी बढ़ सकते हैं, क्योंकि अक्टूबर में ही चार साल का सबसे ऊंचा स्तर दर्ज किया गया है। अकेले अक्टूबर में 2431 नए डेंगू मरीज सामने आए, जबकि पिछले साल 2023 में 2003, 2022 में 1238 और 2021 में केवल 341 मामले दर्ज हुए थे। इस वर्ष निगम ने मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए 21 लाख से अधिक बार फॉगिंग और मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव किया है। इसके अलावा 3 करोड़ 35 लाख घरों में मच्छरों की उत्पत्ति की जांच की गई है और 1.5 लाख से अधिक लोगों को कानूनी नोटिस भेजे गए हैं। महामारी विशेषज्ञ डॉ. पीके शर्मा ने चेतावनी दी है कि 25 से 30 डिग्री के तापमान पर मच्छरों की उत्पत्ति बढ़ जाती है। ऐसे में लोग घर और आस-पास सफाई रखें, फुल बाजू के कपड़े पहनें और मच्छररोधी उपायों का पालन करें। एमसीडी क्षेत्रों में सबसे अधिक मरीज दर्ज हो रहे हैं, जो इस खतरे की गंभीरता को दर्शाता है।
Sharda Sinha Last Rites: शोक में विलीन बिहार! बेटे अंशुमन ने दी मां को मुखाग्नि
डेंगू बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां
- मच्छरों के काटने से बचें।
- मच्छरों को भगाने वाली दवाओं का इस्तेमाल करें।
- ढीली-ढाली, लंबी आस्तीन वाली शर्ट और पैंट पहनें।
- सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- घर और आस-पास मच्छरों को नियंत्रित करें।
- घर और आस-पास पानी जमा न होने दें।
- पानी की टंकी को पूरी तरह ढंककर रखें।
- फूलदानों और गमलों में पानी हर 7 दिन में बदलते रहें।
- घर के आस-पास जंगली घास और झाड़ियां न उगने दें।