India News (इंडिया न्यूज),Chief Minister Rekha Gupta:दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। धमकी देने वाले को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है। दिल्ली पुलिस उत्तर पश्चिम जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने गाजियाबाद से धमकी देने वाले आरोपी को पकड़ लिया है। पता चला है कि आरोपी ने शराब के नशे में फोन किया था। दरअसल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शुक्रवार को ही जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी।
गाजियाबाद पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि गुरुवार रात करीब 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) में किसी अज्ञात कॉलर ने यह धमकी दी। धमकी भरा कॉल करने के तुरंत बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया। गाजियाबाद पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (सिटी) के मुताबिक, कॉल के तुरंत बाद फोन स्विच ऑफ हो गया और अब तक चालू नहीं हुआ है। गाजियाबाद पुलिस के इंटर स्टेट कोऑर्डिनेशन सेल ने इस धमकी की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी। जांच में पता चला है कि जिस सिम से धमकी दी गई थी, उसके मालिक की पहचान कर ली गई है और इसमें टेलीकॉम कंपनी की मदद ली गई। आरोपी की कुंडली खंगाली गई। इसके बाद उसकी तलाश की गई। आरोपी को गाजियाबाद से पकड़ा गया। वह शादीशुदा है।
Chief Minister Rekha Gupta
आरोपी मेरठ से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। डीड राइटर का कोर्स करने के बाद वह गाजियाबाद कोर्ट में काम करता है। उसकी शादी 2020 में हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी डेढ़ साल से नरेला में अलग रह रही है। पिछले एक साल में वह एक दर्जन से ज्यादा बार कंट्रोल रूम में कॉल कर चुका है। उसने कहा कि पुलिस उसकी बात नहीं सुन रही है। इसलिए उसने इस बार ऐसा कॉल किया। उसने कबूल किया है कि उसने शराब के नशे में रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। उससे पूछताछ जारी है।
केजरीवाल पर हो चुका है हमला आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्रियों पर पहले भी हमले और धमकियां मिल चुकी हैं। 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक ऑटो ड्राइवर ने थप्पड़ मार दिया था। उसने आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने चुनावी वादे पूरे नहीं किए। 2016 में छत्रसाल स्टेडियम में एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने केजरीवाल पर स्याही फेंकी थी। यह महिला पंजाब के एक संगठन से जुड़ी थी और दिल्ली में सीएनजी वाहनों के स्टीकर घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी।
यह हमला उस समय हुआ जब केजरीवाल ‘ऑड-ईवन’ योजना की सफलता पर एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। फरवरी 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले भी एक सुरक्षा घटना सामने आई थी, जब मालवीय नगर के सावित्री नगर में पदयात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंका था।