India News (इंडिया न्यूज)Suman Tinku Rajora Expelled: दिल्ली भाजपा की पार्षद सुमन टिंकू राजौरा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। दिल्ली भाजपा की ओर से सोमवार (9 जून) को जारी पत्र में कहा गया कि प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के निर्देश पर पार्टी संविधान के अनुसार सुमन टिंकू राजौरा की प्राथमिक सदस्यता तत्काल समाप्त की जाती है। इसके साथ ही उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
पत्र में कहा गया है, “आपने दिल्ली नगर निगम के रोहिणी जोन में पार्टी लाइन के खिलाफ वोट किया है। जब सभी पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से बात करके जांच की गई तो यह स्पष्ट हो गया कि आपने पार्टी लाइन के खिलाफ वोट किया है और आपने खुद स्वीकार किया है कि आपने पार्टी के आदेश की अवहेलना की है। यह पार्टी के प्रति अनुशासनहीनता है।”
इसमें आगे कहा गया है, “प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के निर्देशानुसार और पार्टी संविधान के अनुसार आपकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती है और आपको पार्टी(बीजेपी) से 6 साल के लिए निकाला जाता है।”
सुमन टिंकू राजौरा इसी साल फरवरी में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। वह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुई थीं।
सुमन टिंकू राजौरा मंगोलपुरी के वार्ड नंबर 50 से पार्षद हैं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बीते 20 मई को होने वाली तिरंगा शौर्य यात्रा का पोस्टर भी साझा किया है और लोगों से इसमें सम्मलित होने की अपील की है। इस पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और पार्टी के अन्य नेताओं की तस्वीरें हैं। पोस्टर में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह भी नजर आ रही हैं।