India News (इंडिया न्यूज),Devshayani Ekadashi 2024: धर्म शास्त्रों में एकादशी तिथि का विशेष महत्व है और हर महीने दो एकादशी व्रत आते हैं। इस तरह साल में कुल 24 एकादशी तिथियां होती हैं। कहा जाता है कि अगर विधि-विधान से एकादशी व्रत रखा जाए तो सभी पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को देवशयनी एकादशी कहते हैं और इसे 24 एकादशियों में सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है और व्रत रखने से शुभ फल की प्राप्ति होती है। आइए जानते हैं इस साल देवशयनी एकादशी कब है?
कब है देवशयनी एकादशी?
वैदिक पंचांग के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 16 जुलाई को रात 8:33 बजे शुरू होगी। इसका समापन 17 जुलाई को रात 9:02 बजे होगा। इस उदयातिथि के अनुसार देवशयनी एकादशी का व्रत 17 जुलाई 2024 को रखा जाएगा। इस दिन सुबह 5:34 बजे के बाद दिन में कभी भी पूजा की जा सकती है। आपको बता दें कि एकादशी व्रत का पारण अगले दिन किया जाता है। यानी देवशयनी एकादशी व्रत का पारण 18 जुलाई को सुबह 5:35 से 8:20 बजे के बीच किया जाएगा।
इस दिन से शुरू हो जाएगा चातुर्मास
देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु पृथ्वी का कार्यभार भगवान शिव को सौंपकर चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं और इसी दिन से चातुर्मास शुरू हो जाता है। पूजा-पाठ के लिहाज से ये चार महीने बेहद खास होते हैं। लेकिन इस दौरान कोई भी शुभ या मांगलिक कार्य नहीं किया जाता है। क्योंकि भगवान विष्णु के साथ-साथ अन्य देवता भी इस दौरान सो जाते हैं और अगर शुभ कार्य में भगवान विष्णु शामिल नहीं होते हैं तो वह कार्य पूरा नहीं होता है। इसलिए चार महीने तक कोई भी शुभ कार्य जैसे मुंडन, विवाह, लग्न, गृह प्रवेश या नामकरण संस्कार आदि करना वर्जित माना जाता है।
भारत में 3 बार लग चुकी है Emergency, जानें ऐसा क्या हुआ जो बार-बार आया आपातकाल? – IndiaNews