Elon Musk
इंडिया न्यूज, नई दिल्ली:
एलन मस्क के ट्वीट ने उनके टेस्ला के शेयरों में भूकंप लाकर रख दिया है। मस्क के इस ट्वीट के बाद से लगातार 2 दिन इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयरों में इतनी ज्यादा गिरावट आई कि एलन मस्क की संपत्ति में सीधे 50 अरब डालर का कट लग गया। हालांकि इस गिरावट के बाद भी एलन मस्क दुनिया के सबसे दौलतमंद व्यक्ति बने हुए हैं।
बताया जा रहा है कि एलन मस्क की संपत्ति में 2 दिन में आई गिरावट अब तक किसी अरबपति की दौलत में 2 दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। इतना ही नहीं, एक दिन में सबसे अधिक संपत्ति गंवाने के मामले में भी एलन मस्क दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उनसे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा संपत्ति गंवाने का रिकॉर्ड अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस के नाम दर्ज है। तीसरे नंबर पर आते हैं मैकेंजी स्कॉट, जिनकी संपत्ति में 36 अरब डालर की कमी आई थी। यह कमी 2019 में उनके तलाक के बाद आई थी।
एलन मस्क ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ दिन पहले टेस्ला की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के लिए एक पोल आयोजित किया था। इस पोल में 35 लाख से अधिक लोगों ने वोट किया था, जिसमें लगभग 58 प्रतिशत लोग शेयर बेचने के पक्ष में थे। इसके बाद एलन मस्क ने कहा था कि वे ऐसा ही करेंगे।
यानि कि टेस्ला के शेयर होल्डिंग्स में अपनी 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी बेचेंगे। इतना ही नहीं, इस पोल के कुछ ही समय पहले एलन मस्क के भाई किम्बल मस्क ने 10.9 करोड़ डॉलर के टेस्ला के शेयरों की बिक्री की थी। इसके बाद से टेस्ला के शेयरों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है।
Also Read : यूपी के 9 रेलवे स्टेशन और 7 प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी