India News (इंडिया न्यूज), Deb Mukherjee Death: होली वाली सुबह बॉलीवुड पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दरअसल एक्टर देब मुखर्जी ने आज सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया है। देब मुखर्जी निर्देशक अयान मुखर्जी के पिता थे। अब वह इस दुनिया में नहीं रहे। अचानक सामने आई इस खबर ने सभी को परेशान कर दिया है। अयान मुखर्जी के लिए यह समय मुश्किलों से भरा है। देब मुखर्जी लंबे समय से बीमार थे और आज यानी 14 मार्च की सुबह उन्होंने 83 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के जुहू इलाके में पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा। अभी उनका पार्थिव शरीर उनके घर पर है।
इस एक्ट्रेस संग रहा खास कनेक्शन
बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस काजोल से भी उनका कनेक्शन था। दरअसल, वह काजोल के चाचा हुआ करते थे। वहीं, ‘लगान’ जैसी कई बेहतरीन फिल्में बनाने वाले आशुतोष गोवारिकर देब मुखर्जी के दामाद थे। देब मुखर्जी ने कई फिल्मों में काम किया था। इंडस्ट्री में लोग उन्हें देबू दा के नाम से जानते थे। 2 मार्च को देब मुखर्जी के पोते और आशुतोष गोवारिकर के बेटे कोणार्क गोवारिकर की शादी हुई। बीमारी के चलते देब शादी में शामिल नहीं हो पाए थे। शादी में शाहरुख खान समेत फिल्म इंडस्ट्री के कई दूसरे सितारे शामिल हुए।
कई फिल्मों का रहे हिस्सा
देब मुखर्जी ने ‘तू ही मेरी जिंदगी’, ‘आंसू बन गए फूल’, ‘अभिनय’, ‘दो आंखें’, ‘बंधु’ समेत कई फिल्मों में काम किया। वह अपने किरदार को बड़ी सादगी से पर्दे पर निभाते थे। लोग उन्हें पर्दे पर काफी पसंद करते थे। देब मुखर्जी के दो बच्चे हैं। पहला अयान मुखर्जी और दूसरा सुनीता मुखर्जी, जो बाद में सुनीता गोवारिकर बन गईं। सुनीता की शादी आशुतोष गोवारिकर से हुई है। देब मुखर्जी के निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है। लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।