India News (इंडिया न्यूज़), Badshah and Yo Yo Honey Singh Fight: फेमस रैपर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) और बादशाह (Badshah) दोनों ने ही अपने रैप से बॉलीवुड इंडस्ट्री पर राज किया है। एक समय पर जहां हनी सिंह की हिंदी फिल्मों में तूती बोलती थी, तो वहीं अब बादशाह का हर फिल्म में रैप जरूर होता है। बता दें कि दोनों के फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले एक समय ऐसा भी था, जब बादशाह और हनी सिंह बहुत अच्छे दोस्त हुआ करते थे और ‘माफिया मुंडीर’ नाम से उनका बैंड भी था। उनके इस ग्रुप का हिस्सा रफ्तार, इक्का और लिटिल गोलू भी थे।
पिछले कई सालों से बादशाह और हनी सिंह के बीच कोल्ड वॉर चल रही थी, लेकिन इसका कारण कोई भी नहीं जानता था। अब हाल ही में रैपर बादशाह ने इस बात का खुलासा किया कि आखिर दोनों के बीच झगड़ा क्यों हुआ।
इस वजह से शुरू हुई थी बादशाह-हनी सिंह की लड़ाई
आपको बता दें कि यूट्यूबर राज शमशी से बातचीत में बादशाह ने अपना दिल खोलकर रख दिया है। इस इंटरव्यू में रैपर बादशाह ने कहा, “माफिया मुंडीर सबका एक थॉट था, जिसमें एक जैसी सोच रखने वाले लोग साथ मिलकर काम करते थे। शुरुआत में इसमें मैं और हनी जुड़े। साल 2009 में हमारे बीच दरार आ गई। मैं नौकरी करता था और बहुत ज्यादा डरा हुआ था। उस समय हनी सिंह भी मेरी रडार से दूर था और जब मैं उसे फोन करने की कोशिश करता था, तो वह मेरा फोन नहीं उठाता था। जब तक हम माफिया मुंडीर का हिस्सा थे, हम कभी नहीं मिले। अगर शायद हम मिले होते तो चीजें अलग हो सकती थी।”
बादशाह का 2011 में हनी सिंह संग पहला गाना हुआ रिलीज
बादशाह ने आगे ब्राउन रंग सिंगर पर आरोप लगाते हुए कहा, “हमने एक साथ कई गाने बनाए थे, लेकिन वह कभी भी रिलीज नहीं हुए। हनी सिंह उस वक्त सिर्फ अपने करियर पर ध्यान दे रहा था। साल 2006 से लेकर 2009 तक ‘माफिया मुंडीर’ बैंड के साथ जुड़ा हुआ था। मेरे माता-पिता को भी मेरी फिक्र होने लगी थी। साल 2011 में हनी सिंह के साथ मेरा पहला गाना आया ‘गेटअप जवानी’।” बता दें कि साल 2012 में बादशाह-हनी सिंह का बैंड टूट गया था, जिसका कारण भी बादशाह ने अपने इंटरव्यू में बताया।
ब्लैंक पेपर पर साइन करवाने के लगाए आरोप
रैपर बादशाह ने आगे बताया कि उन्होंने हनी सिंह से बात की और कहा, “हम एक-दूसरे के साथ कई गाने बना रहे हैं, वह उनके बारे में भी सोचें, क्योंकि हम अपना सबकुछ छोड़कर यहां पर आए हैं। आप एक तरफ हमें अपना भाई कहते हो, लेकिन दूसरी तरफ आप इतना सेल्फ सेंटर्ड नहीं हो सकते। आप हमारे संघर्ष की तरफ बिल्कुल भी ध्यान देने में सफल नहीं हुए।”
बादशाह ने ये भी बताया कि हनी सिंह ने उनसे ब्लैंक पेपर पर साइन भी करवाए, लेकिन उन कॉन्ट्रैक्ट का क्या? उन्होंने बताया कि वो दौर हम सब के लिए बहुत ही मुश्किल भरा था।