India News(इंडिया न्यूज़), Karnal HF Breed Cow : हरियाणा के जिला करनाल के किसान सुनील मेहला की गाय ‘सोनी’ ने एशिया में सबसे ज्यादा दूध देने का नया रिकॉर्ड बनाया है। राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI) करनाल में आयोजित डेयरी मेले में सोनी ने 24 घंटे में 87 किलो 740 ग्राम दूध देकर इतिहास रच डाला है।
वहीं मेले में दूसरे स्थान पर रहने वाली गाय ने 70 किलो 548 ग्राम दूध दिया, जो सुनील मेहला की ही डेयरी की दूसरी गाय थी। दोनों हॉल्स्टीन फ्रिसियन (HF) नस्ल की हैं। इससे पहले 2024 के कुरुक्षेत्र DFA मेले में 80 किलो 756 ग्राम दूध का रिकॉर्ड भी सुनील के ही गाय के नाम था, जिसे अब ‘सोनी’ ने तोड़ दिया।
सुनील मेहला 2014 से पशुपालन में सक्रिय हैं और 2017 से डेयरी प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। पहली बार NDRI की प्रतियोगिता में उनकी गाय ने 48 किलो दूध देकर दूसरा स्थान हासिल किया था। तब से लेकर अब तक कुरुक्षेत्र DFA मेले में उनकी गायें 5 बार विजेता और 1 बार उपविजेता रही हैं।
वहीं सुनील के भाई शैंकी मेहला ने बताया कि ‘सोनी’ उनकी सबसे पहली बछड़ी थी, जिससे उनका खास लगाव रहा है। जब भी प्रतियोगिता की गई तो तीन बार पहला, एक बार दूसरा और एक बार तीसरा स्थान हासिल किया।
सुनील मेहला के डेयरी फार्म में हर साल 30-35 बछड़े और बछड़ियां पैदा होती हैं। उनमें से कुछ गायें बेची जाती हैं, लेकिन रिकॉर्ड बनाने वाली गायों को बेचने का सवाल ही नहीं उठता। वे ‘सोनी’ जैसी गायों की ब्रीडिंग पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, ताकि भविष्य में दूध उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाया जा सके। हरियाणा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे पशुपालन क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।