Hindi News / Haryana News / On 11 Years Of Modi Government Cm Nayab Saini Said These 11 Years Are Just A Milestone India Is Moving Ahead Towards The Goal Of A Developed Nation Not With Vote Bank Politics But With Visionar

'मोदी सरकार के 11 साल' पर सीएम नायब सैनी बोले- ये 11 वर्ष केवल एक पड़ाव, भारत वोटबैंक की राजनीति से नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व से विकसित राष्ट्र के लक्ष्य पर आगे बढ़ रहा

India News (इंडिया न्यूज), CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम युग बनकर उभरा है। वर्ष 2014 से […]

BY: Anurekha Lambra • UPDATED :
Advertisement · Scroll to continue
Advertisement · Scroll to continue

India News (इंडिया न्यूज), CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम युग बनकर उभरा है।

वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए देश को एक नई दिशा दी है। आज भारत वोटबैंक की राजनीति से नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व से आगे बढ़ रहा है। ये 11 वर्ष केवल एक पड़ाव है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक ‘विकसित राष्ट्र’ बनाना है। CM Nayab Saini

पंचायती चुनाव में नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने ओमप्रकाश धनखड़ से की मुलाकात, धनखड़ ने कहा – प्रतिनिधि सभी को साथ लेकर गांव का विकास करें   

CM Nayab Saini

CM Nayab Saini : भारत ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म और समृद्धि का विश्व गुरु बनेगा

यह अमृत काल उस स्वर्णिम काल की नींव रखेगा, जहां भारत ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म और समृद्धि का विश्व गुरु बनेगा। मुख्यमंत्री आज पंचकूला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों को लेकर पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री कृष्‍ण लाल पंवार, महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, डॉ. अ‌रविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, कृष्‍ण कुमार बेदी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, पूर्व मंत्री कंवर पाल और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव  प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष भारत के नव-निर्माण, आत्म-विश्वास और वैश्विक पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पुनः स्थापना की एक स्वर्णिम गाथा है। इन 11 वर्षों में, हर भारतीय ने एक ऐसे भारत का उदय देखा है जो अपनी प्राचीन विरासत पर गर्व करता है, वर्तमान की चुनौतियों का डटकर सामना करता है और भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी सपने संजोता है।

मोदी सरकार ने दिया विकास और विश्वास का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में निराशा और अविश्वास का माहौल था। भ्रष्टाचार और अक्षम नेतृत्व ने देश के विकास को अवरुद्ध कर दिया था। देश में उन दिनों भय, भ्रष्टाचार, क्षेत्रवाद व भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। निष्पक्ष शासन का पूरी तरह अभाव था, लेकिन श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास और विश्वास का मॉडल दिया और देश ने एक निर्णायक और पारदर्शी सरकार का अनुभव किया। योजनाओं का निर्माण और उनका क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया गया। ‘मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिमम गवर्नेस’ के सिद्धांत पर चलते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया और जन-भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। CM Nayab Saini

मिशन चंद्रयान से लेकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना भारत की बड़ी उपलब्धि

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज हमारा देश अपनी उन्नत प्रौद्योगिकी के बल पर न केवल मिसाइलें बना रहा है, बल्कि सूर्य यान, चंद्रयान और मंगलयान जैसे मिशन सफलतापूर्वक पूरे कर रहा है। इन 11 सालों में भारत ने स्पेस डॉकिंग एक्सरसाइज (Space Docking Exercise) मिशन के तहत अंतरिक्ष में दो भारतीय सैटेलाइट्स को सफलतापूर्वक जोड़कर इतिहास रचा है। CM Nayab Saini

इस उपलब्धि के साथ अमेरिका, रूस और चीन के बाद ऐसा करने वाला भारत चौथा देश बन गया है। इससे हर भारतवासी गौरवान्वित हुआ है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक उतारने वाला भारत दुनिया का पहला देश है। आदित्य L-1 सूर्य की कक्षा में स्थापित होकर सूर्य का अध्ययन कर रहा है।

CM Nayab Saini : आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के प्रधान सेवक का पदभार संभाला, उस समय हमारी अर्थव्यवस्था पूरे संसार में 11वें स्थान पर थी और आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत का कुल निर्यात वर्ष 2024-25 में 825 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। इंजीनियरिंग निर्यात वर्ष 2014-15 में 73 बिलियन डॉलर था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 117 बिलियन डॉलर हो गया है। भारत के रक्षा निर्यात में वर्ष 2014 से 34 गुणा बढ़ोतरी हुई है।

नोटबंदी करके समानांतर अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार किया

भारत का रक्षा निर्यात वर्ष 2024-25 में बढ़कर 23 हजार 622 करोड़ रुपये हो गया है। जो कि वर्ष 2016 से पहले 1521 करोड़ रुपये था। पिछले 10 वित्तीय वर्षों में भारत में लगभग 668 बिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है, जबकि वर्ष 2000 से 2014 तक 323 बिलियन अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ था। प्रधानमंत्री ने कालेधन के खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए नोटबंदी करके समानांतर अर्थव्यवस्था पर करारा प्रहार किया। पूरी दुनिया आज भारत के डिजिटल भुगतान मॉडल की प्रशंसा करती है।

CM Nayab Saini : प्रधानमंत्री ने लिए कई ऐतिहासिक निर्णय

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिये। जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 व धारा 35-ए को हटाकर उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत का राष्ट्रीय सपना साकार किया है। हाल ही में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कश्मीर घाटी को दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल ‘चिनाब ब्रिज’ के माध्यम से पूरे देश से जोड़ा है। लद्दाख को केंद्र शासित प्रदेश बनाकर विकास का नया द्वार खोला गया है। 500 वर्षों की प्रतीक्षा को समाप्त कर राम जन्मभूमि अयोध्या में रामलला के भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण करवाया।

सर्जिकल स्ट्राइक

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर, वर्ष 2016 के उरी हमले के प्रतिशोध में सर्जिकल स्ट्राइक और वर्ष 2019 में हुए पुलवामा हमले का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। इनके अलावा वन रैंक वन पेंशन, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक की कुप्रथा से मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 आदि अनेक युग परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 संकट के दौरान, भारत ने फार्मा हब के रूप में दुनिया का नेतृत्व किया और देश में निःशुल्क टीकाकरण करते हुए 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी गई। आज भारत वैश्विक मंच पर सबसे आगे है, चाहे जी-20 का नेतृत्व करने की बात हो, जलवायु परिवर्तन या आतंकवाद का मुद्दा हो, आज भारत नीति-निर्धारक बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र में भारत की पहल की बदौलत, 21 जून को अब दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है।

गरीब कल्याण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के 4 स्तंभ बताए हैं, जिनमें गरीब, किसान, महिला और युवा शामिल हैं। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ ग्रामीण घरों में स्वच्छ पेयजल पहुँचाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को 4 करोड़ से ज़्यादा घर दिए गए। पीएम स्वनिधि और स्टैंड-अप इंडिया जैसी योजनाओं ने छोटे विक्रेताओं और उद्यमियों को सशक्त बनाया। 55 करोड़ से ज़्यादा जन धन खाते खोलने और 77 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत लाभार्थी सरकार के जनकल्याण का प्रमाण हैं।

किसान कल्याण सरकार की प्रतिबद्धता

नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र के बजट को पाँच गुना बढ़ाया है। वर्ष 2013-14 में कृषि क्षेत्र का बजट 27,663 करोड़ रुपये था। इसे वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर 1 लाख 37 हजार 757 करोड़ रुपये किया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एम.एस.पी. में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है। फसल लागत से 50 प्रतिशत अधिक एम.एस.पी ने किसानों को कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव से सुरक्षा प्रदान की है।

 1.75 लाख करोड़ रुपये के बीमा दावों का वितरण किया

‘पीएम किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की दर से 3 लाख 70 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। पीएम फसल बीमा योजना के तहत 1.75 लाख करोड़ रुपये के बीमा दावों का वितरण किया गया। डेयरी और मत्स्य पालन को प्राथमिकता दी गई, जिससे दूध उत्पादन में 64 प्रतिशत की वृद्धि हुई और शहद और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के निर्यात में भी वृद्धि हुई है। पीएम-कुसुम योजना के तहत सौर पंप और ई-नेम के तहत डिजिटल रूप से जुड़ी मंडियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था में क्रांति ला रही हैं।

CM Nayab Saini : राष्ट्र निर्माण में महिलाएं अग्रणी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को लगातार सशक्त बनाया है। 2015 में पानीपत से शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने घटते लिंगानुपात में सुधार लाने में मदद की। भारत में पहली बार वर्ष 2024 में लिंगानुपात सुधरकर 1,000 पुरुषों पर 1,020 महिलाएं हुआ, जोकि वर्ष 2014 में 918 था।

वहीं, 4.20 करोड़ से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए और 35.38 करोड़ महिलाओं को मुद्रा ऋण के माध्यम से 14.72 लाख करोड़ रुपये दिए गए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों की बदौलत अब महिलाएं राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिसके तहत विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। वर्ष 2014 से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 10 प्रतिशत से भी कम था।

युवा और शिक्षा: सशक्त पीढ़ी का निर्माण

युवाओं को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत अमेरिका और चीन के बाद दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको-सिस्टम बना है। देश में स्टार्टअप इंडिया स्कीम के तहत 1 लाख 60 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप 17 लाख 60 हजार से अधिक नौकरियां पैदा कर रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के साथ, भारत अपनी शिक्षा प्रणाली को वैश्विक मानकों के अनुरूप बना रहा है। आईआईटी, एम्स और आईआईएम का विस्तार हुआ है और 1.6 करोड़ से अधिक युवाओं को पीएम कौशल विकास योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण दिया गया है।

मध्यम वर्ग कल्याण और आधुनिक बुनियादी ढाँचा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यम वर्ग के लिए, पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने कई अथक प्रयास किए हैं। करदाताओं को 12 लाख 75 हजार रुपये तक की आय पर पूरी टैक्स रिबेट दी गई है। मेट्रो रेल सेवा देश के 23 शहरों में शुरू की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2014 तक केवल 5 शहरों में यह सुविधा उपलब्ध थी।

पीएम गति शक्ति, भारतमाला और सागरमाला परियोजनाओं ने बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाई है, जबकि वंदे भारत ट्रेनों और 3,600 किलोमीटर के हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर ने परिवहन नेटवर्क को बदल दिया है। उड़ान योजना के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में हवाई संपर्क सुनिश्चित हुआ है। ई-संजीवनी जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं ने 37 करोड़ से अधिक टेली कंसल्टेशन किए। मुफ़्त कोविड उपचार और टीकों ने अनेक लोगों की जान बचाई।

ट्रिपल इंजन सरकार की बदौलत हरियाणा तीव्र गति से विकास की राह पर अग्रसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा भी विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार ने हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। किसानों का कल्याण हो, औद्योगिक विकास हो, खिलाड़ियों का सम्मान हो या युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, हरियाणा हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हरियाणा केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है और राज्य की अपनी विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप नई पहलों को क्रियान्वित भी कर रहा है।

CM Nayab Saini : प्रदेश में 2 लाख सोलर प्लांट का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में, प्रधानमंत्री ने 14 बार हरियाणा का दौरा किया, जिसमें एम्स झज्जर, बीमा सखी योजना, हिसार हवाई अड्डे से हवाई सेवा का शुभारंभ और यमुनानगर थर्मल प्लांट जैसी प्रमुख परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। हरियाणा प्रदेश में 21 नये राष्ट्रीय राजमार्ग स्वीकृत किये हैं, इनमें से 12 राजमार्ग बन चुके हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 17,000 घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाए गए हैं और प्रदेश में 2 लाख सोलर प्लांट का लक्ष्य है। CM Nayab Saini

भारत की सामूहिक इच्छाशक्ति और आकांक्षाओं की विजय का विजन

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 सफल वर्ष, सिर्फ सरकार की सफलता का उत्सव नहीं है, बल्कि भारत की सामूहिक इच्छाशक्ति और आकांक्षाओं की विजय का विजन है। आने वाले समय में भारत और भी तेजी से प्रगति करेगा और विश्व पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ेगा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, बीजेपी का जिला प्रधान अजय मित्तल, संगठन महामंत्री फ़निंदर नाथ शर्मा, नगराधीश विश्वनाथ सहित विभाग के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। CM Nayab Saini

बिजेंद्र हत्याकांड को लेकर इनेलो ने किया जबरदस्त रोष प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा, रामपाल माजरा बोले -किसानों और कमेरों की अनदेखी ‘बर्दाश्त’ नहीं करेंगे

Tags:

cm nayab sainiCM Nayab Singh SainiHaryanaharyana newsindia news haryanaModi Government 11 Years
Advertisement · Scroll to continue

लेटेस्ट खबरें

गुरुग्राम में देश के सबसे बड़े गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का हुआ लोकार्पण, 11 वर्षों में यूएई से बड़ा हुआ हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर
गुरुग्राम में देश के सबसे बड़े गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल का हुआ लोकार्पण, 11 वर्षों में यूएई से बड़ा हुआ हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर
हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या का आरोपी पुलिस गिरफ्त में, जानें आरोपी ने कैसे रची थी हत्या की साजिश, दो दिन की रिमांड अवधि में होंगे और भी अहम खुलासे  
हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या का आरोपी पुलिस गिरफ्त में, जानें आरोपी ने कैसे रची थी हत्या की साजिश, दो दिन की रिमांड अवधि में होंगे और भी अहम खुलासे  
जैक्सनविल, फ्लोरिडा ने 16 जून को ‘श्री श्री रविशंकर शांति और स्वास्थ्य दिवस’ घोषित किया, आर्ट ऑफ लिविंग के साधकों में खुशी की लहर
जैक्सनविल, फ्लोरिडा ने 16 जून को ‘श्री श्री रविशंकर शांति और स्वास्थ्य दिवस’ घोषित किया, आर्ट ऑफ लिविंग के साधकों में खुशी की लहर
मंत्री अनिल विज का कांग्रेस पर तंज, बोले – कांग्रेस को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है, कांग्रेस के दिमाग में हमेशा तानाशाही रही
मंत्री अनिल विज का कांग्रेस पर तंज, बोले – कांग्रेस को देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है, कांग्रेस के दिमाग में हमेशा तानाशाही रही
प्रॉपर्टी डीलर के साथ हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर ही तोड़ा दम 
प्रॉपर्टी डीलर के साथ हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर ही तोड़ा दम 
Advertisement · Scroll to continue