Morni-Tikkartal Will Emerge On Haryana Tourism Map : CM Manohar Lal
इंडिया न्यूज, चंडीगढ़:
CM Manohar Lal : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि मोरनी-टिक्करताल देश के नक्शे में अपनी अलग पहचान बनाएगा। अब हरियाणा से होकर गुजरने वाला टूरिस्ट टिक्करताल के रोमांचक वाटर स्पोर्टस की तरफ आकर्षित होगा। उन्होंने कहा कि गोवा के बाद उत्तर भारत के टिक्करताल में वाटर स्पोर्टस गतिविधियां शुरू हो रही हैं।
यह बात उन्होंने टिक्करताल में रोमांचक गतिविधियों के शुभारंभ एवं होम स्टे, फॉर्म टूरिज्म और बस टूर पैकेज की विवरणिका का विमोचन करने के उपरांत पत्रकारवार्ता में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरनी टिक्करताल में टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में एक निजी होटल समूह ने पर्यटकों के लिए हैलीकॉप्टर सुविधा की प्रयोगात्मक शुरुआत भी कर दी है। लाइसेंस आदि की आवश्यक औपचारिकता पूर्ण करने के बाद यह सुविधा और बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिक्करताल में पैराग्लाइडिंग की सुविधा भी जल्द शुरू हो जाएगी, इसमें कुछ औपचारिकताएं अभी बाकी है, जो शीघ्र पूरी कर ली जाएंगी। वहीं पिंजौर में भी हॉट बैलून गतिविधि के लिए कंपनी से समझौता हो चुका है, यह भी जल्द शुरू होगी। मोरनी-टिक्करताल क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी और पेट्रोल पंप आदि की व्यवस्था बनाने के लिए काम किया जा रहा है।
अन्य स्थानों पर भी वाटर स्पोर्ट्स को दिया जाएगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कई अन्य स्थानों पर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू करने की योजना है। कुरुक्षेत्र का ब्रह्मसरोवर, करनाल की कर्ण लेक, दमदमा लेक,रोहतक में तिलियार लेक आदि में भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू की जा सकती हैं।
वाटर पुलिंग पॉलिसी जल्द (CM Manohar Lal)
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में जल भराव की समस्या के समाधान के लिए जल्द ही वाटर पुलिंग पॉलिसी लाई जाएगी। इसके तहत जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है, वहां पर लेक का निर्माण किया जाएगा, ताकि भूमि सुधार के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।
हरियाणा की जीडीपी में टूरिज्म का हिस्सा अभी कम (CM Manohar Lal)
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में टूरिज्म को बढ़ावा देने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। अभी तक प्रदेश की जीडीपी में टूरिज्म का हिस्सा बहुत कम यानी मात्र 0.3 प्रतिशत है। इसे बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। पर्यटन विभाग के कुछ प्राइम लोकेशन को घाटे से उभारने के लिए पीपीपी मोड पर काम करने की भी संभावना है।
रेणुका किशाऊ डैम से जल्द पानी मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेणुका किशाऊ डैम का कार्य पूर्ण होने में अभी समय लगेगा। इस डैम के बनने से हरियाणा को बहुत अधिक लाभ मिलने वाला है। अभी उत्तराखंड और हिमाचल के बीच पावर जैनरेशन की हिस्सेदारी को लेकर कुछ विवाद है, जो उन प्रांतों ने सुलझाना है। इससे हरियाणा को 40.7 प्रतिशत पानी मिलेगा।
Also Read: एडवेंचर प्रेमियों के लिए टिक्कर ताल बना नया हब : CM Manohar Lal
Also Read: पंजाब कांग्रेस में कलह: हक और सच की लड़ाई लड़ता रहूंगा : सिद्दू