India News Haryana (इंडिया न्यूज), Panipat Wedding Controversy : हरियाणा के पानीपत में एक शादी समारोह में ऐसा मामला सामने आ रहा है, अगर आप जानेंगे तो हैरान रह जाएंगे। जी हां, यहां उस समय हंगामा हो गया जब दुल्हन को ससुरालवालों द्वारा लाया गया लहंगा और ज्वेलरी पसंद नहीं आई।
मामला 23 फरवरी का है, जब भाटिया कॉलोनी स्थित एक मैरिज हॉल में विवाद इतना बढ़ गया कि बारात को लौटना पड़ा। 24 फरवरी को इस विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ। हालांकि, दोनों पक्षों ने अब तक पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
जानकारी के अनुसार दुल्हन के परिवार का आरोप है कि लड़के वालों ने दुल्हन के लिए पुराना लहंगा और आर्टिफिशियल ज्वेलरी भेजी, जिससे वे नाराज हुए। इसके अलावा दुल्हन पक्ष इस बात से भी खफा था कि वर पक्ष के लोग जयमाला तक नहीं लाए। इस कारण दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
वहीं हंगामे के बीच पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की वालों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद, अमृतसर से आई बारात को बिना फेरे के ही लौटना पड़ा।
वहीं दुल्हन की मां का कहना है कि शादी के नाम पर लड़के वालों ने कई वादे किए थे, लेकिन बाद में मुकर गए। उन्होंने दिल्ली के चांदनी चौक से लहंगा खरीदने के लिए एडवांस में पैसे भी लिए थे, लेकिन बाद में इनकार कर दिया। वहीं, लड़के के परिवार का कहना है कि दुल्हन पक्ष बार-बार शादी के लिए दबाव बना रहा था और लहंगे की कीमत को लेकर भी भ्रम फैला रहा था।