India News (इंडिया न्यूज), Symptoms Of Cancer: कैंसर एक जानलेवा बीमारी है, जिसका समय रहते पता लग जाए, तो इलाज संभव हो सकता है। डॉ. शैलेश पूतांबेकार, जो जाने-माने कैंसर सर्जन हैं, हाल ही में रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट पर कैंसर के शुरुआती लक्षणों पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कुछ ऐसे लक्षणों का उल्लेख किया जो आमतौर पर नजरअंदाज कर दिए जाते हैं लेकिन कैंसर के संकेत हो सकते हैं। आइए जानते हैं उनके बताए हुए प्रमुख लक्षणों के बारे में:
1. मुंह में बार-बार छाले आना
अगर आपके मुंह में बार-बार छालों की समस्या होती है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह प्री-कैंसर की अवस्था (स्टेज जीरो) का संकेत हो सकता है। हालांकि, छाले अन्य बीमारियों से भी हो सकते हैं, लेकिन लगातार बने रहना खतरे की घंटी हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।
2. जीभ पर सफेद धब्बों का पड़ना
जीभ पर सफेद धब्बे देखना भी कैंसर के शुरुआती लक्षणों में से एक हो सकता है। यह भी स्टेज जीरो का सामान्य लक्षण है। इस स्थिति में देरी न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
3. पेट से जुड़ी समस्याएं लगातार बनी रहना
अगर आपके पेट में बार-बार समस्याएं रहती हैं, जैसे कब्ज या पेट साफ न होना, तो यह शरीर में किसी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। बार-बार पेट की समस्याओं को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, इसलिए डॉक्टर से कंसल्ट करें।
4. वजन का तेजी से गिरना
अगर आपका वजन अचानक तेजी से गिर रहा है, जबकि आप सही मात्रा में खाना खा रहे हैं, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। शरीर में किसी प्रकार की असामान्यता के कारण वजन तेजी से गिर सकता है। इसलिए ऐसी स्थिति में डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।
5. शरीर पर गांठ या मोल का बढ़ना
शरीर पर अचानक कोई गांठ का दिखना या मोल (तिल/मस्सा) का तेजी से बढ़ना भी कैंसर का संकेत हो सकता है। इसे हल्के में न लें और तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। यह लक्षण खासतौर पर त्वचा या अन्य आंतरिक अंगों में होने वाले कैंसर का इशारा कर सकते हैं।
इन लक्षणों पर ध्यान देकर और समय रहते उचित जांच करवा कर कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव संभव है।