India News Himachal (इंडिया न्यूज) Cm Sukhu News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। आपको बता दें कि देर रात उन्हें अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई जिसके बाद उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टरों द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की रूटीन जांच के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री को आराम करने की सलाह दी है। सीएम के कुछ रूटीन टेस्ट भी किए गए हैं

आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि सीएम हल्के पेट दर्द के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीएमसी पहुंचे थे। अब वह ठीक हैं और उन्हें घर भेज दिया गया है। उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और वह सरकारी आवास ओक ओवर में आराम कर रहे हैं। आईजीएमसी प्रशासन की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार सीएम सुक्खू आज सुबह अल्ट्रासाउंड कराने अस्पताल आए थे। उन्हें पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द हो रहा था और उनकी परेशानी का कारण जानने के लिए अल्ट्रासाउंड कराया गया।

अच्छी बात यह रही कि अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट सामान्य आई। हालांकि एहतियात के तौर पर ब्लड टेस्ट भी कराया गया, जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कल ही कैबिनेट की बैठक ली थी और वह पूरी तरह स्वस्थ थे। देर रात उन्हें अचानक पेट में दर्द हुआ था। मुख्यमंत्री पिछले साल अक्तूबर में भी बीमार पड़े थे। तब डॉक्टरों ने उन्हें पेट में संक्रमण के साथ-साथ पैंक्रियाटाइटिस भी बताया था। एक सप्ताह तक एम्स दिल्ली में भर्ती रहने के बाद सीएम स्वस्थ होकर लौटे थे। सीएम जून 2023 में भी बीमार पड़े थे। तब उन्होंने चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल से उपचार कराया था

UP News: दर्दनाक सड़क हादसा! खड़े ट्रक में जा घुसी बुलेरों, मौके पर चार की मौत