India News (इंडिया न्यूज),Himachal: BJP  के अलग-अलग खेमों की खींचतान और केंद्रीय नेताओं की दिल्ली चुनाव में व्यस्तता के कारण पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के पद पर निर्णय फंस गया है। अब दिल्ली चुनाव के बाद ही BJP  इस पर फैसला ले सकती है। दिल्ली में 5  फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान है। उसके बाद हिमाचल के प्रदेशाध्यक्ष पद पर कभी भी निर्णय हो सकता है।

दिल्ली चुनाव में व्यस्तता

आपको बता दें कि केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह को BJP प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रभारी लगाया गया है। केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं की भी दिल्ली चुनाव में व्यस्तता है तो स्वाभाविक रूप से वह भी वहां पर प्रचार को वक्त दे रहे हैं। वह केवल 1 दिन ही हिमाचल आ पाए हैं। उसमें भी वह BJP प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए हिमाचल के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अभी ठीक से फीडबैक नहीं ले पाए हैं। हिमाचल मूल के BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा तो दिल्ली में व्यस्त चल ही रहे हैं। हिमाचल में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति में नड्डा का विशेष हस्तक्षेप भी रहेगा ही। ऐसे में दिल्ली चुनाव के बाद केंद्रीय नेता भी इसके लिए वक्त दे पाएंगे।

रेस में माने जा रहे हैं

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान BJP प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव बिंदल को दोबारा कमान मिलने की उम्मीद है। पूर्व राज्य विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार भी सबसे बड़े जिला कांगड़ा से बड़े BJP नेता हैं तो वह भी इस पद को चाह रहे हैं। पूर्व BJP प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी अपने लिए जोर लगा रहे हैं। इनके अलावा बिक्रम सिंह, त्रिलोक जम्वाल आदि नेता भी रेस में माने जा रहे हैं।