India News (इंडिया न्यूज), Himachal Weather News Today: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है और 13 से 15 मार्च तक भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हिमपात और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार को प्रदेश के निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए रहे और मनाली में हल्की बूंदाबांदी के साथ कुछ जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई।
हिमस्खलन का खतरा देखते हुए प्रशासन ने अटल टनल रोहतांग को पर्यटकों के लिए अभी बंद रखने का निर्णय लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमपात और बारिश के कारण टनल के रास्ते पर हिमस्खलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए यात्रियों को टनल तक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।
Himachal Weather News Today
प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव आ रहा है। बुधवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ऊना में यह 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कुछ ऊंचे स्थानों जैसे केलंग, कुकुमसेरी और ताबो में तापमान माइनस में चला गया है। कुल्लू जिले के सोलंगनाला में हिमस्खलन के कारण पुलिस जवानों की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी और चंबा जिले में भूस्खलन के कारण पांच मकान भी टूट गए थे।
मौसम विभाग ने 13 और 14 मार्च को हिमपात और वर्षा की संभावना जताई है, वहीं 15 मार्च को भारी वर्षा का अनुमान है। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।