India News HP (इंडिया न्यूज़), Mandi News: हिमाचल के मंडी से आग लगने की भीषण खबर सामने आई है। दरअसल मंडी के संतोषी माता मंदिर में आग लगने की घटना सामने आई है। जिसके कारण मंदिर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय निवासी और पूर्व पार्षद बंसी लाल ने जानकारी दी कि सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारी जब घरों से कूड़ा उठा रहे थे, तब उनकी नजर मंदिर से उठ रहे धुएं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर लोगों को आग की सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना से स्थानीय लोगों में गहरी चिंता का माहौल
संतोषी माता मंदिर कमेटी के प्रधान तेज लाल चंदेल ने बताया कि इस आगजनी में मंदिर का सारा सामान जल गया, लेकिन माता रानी की मूर्ति सुरक्षित बच गई है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और दुःख का माहौल है।