India News (इंडिया न्यूज),Aaj ka Mausam: भीषण गर्मी का हमला शुरू हो गया है। मौसम के ताजा हालात बता रहे हैं कि कम से कम 10 राज्यों में इस पूरे हफ्ते लू का कहर जारी रह सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों समेत इन राज्यों में लोगों को लू और उमस का सामना करना पड़ेगा। आईएमडी यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऐसे संकेत दिए हैं। हालांकि, 9 और 10 अप्रैल को पहाड़ी राज्यों में बारिश के भी आसार हैं।
कहां बढ़ेगी गर्मी
आईएमडी ने रविवार रात को बताया है कि 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय पठार में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। 4 दिनों के दौरान मध्य भारत में भी अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। गुजरात में 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
इन राज्यों में पड़ेगी खूब गर्मी
मौसम विभाग ने कहा है कि 10 अप्रैल तक गुजरात के कुछ इलाकों में लू चल सकती है। वहीं, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में 7 अप्रैल तक भीषण गर्मी की संभावना है। राजस्थान में 10 अप्रैल तक भीषण गर्मी के आसार हैं। जबकि, 7 से 9 अप्रैल तक भीषण गर्मी चल सकती है। हिमाचल प्रदेश में 7 अप्रैल तक, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 अप्रैल तक लू की स्थिति बन सकती है। इनके अलावा पंजाब में 7 से 10 अप्रैल, दिल्ली में 7 और 8 अप्रैल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल, मध्य प्रदेश में 8 से 10 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है।
यहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक केरल, माहे में 7 अप्रैल तक, कर्नाटक में 8 अप्रैल तक, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 10 अप्रैल तक छिटपुट बारिश हो सकती है। बिहार में 9 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है। 9 और 10 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में छिटपुट से हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।
भीषण गर्मी
उत्तर प्रदेश में अप्रैल, मई और जून में सामान्य से अधिक तापमान और भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है तथा भीषण लू चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने रविवार को पीटीआई-भाषा से कहा, “इन महीनों में पूरे उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार दिन का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है।”
रात का तापमान भी असामान्य
रात में दर्ज न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इस भीषण गर्मी का केंद्र बुंदेलखंड क्षेत्र रहने की संभावना है। प्रदेश में झांसी और चित्रकूटधाम मंडल के सात जिले बुंदेलखंड में आते हैं। वहीं राजस्थान की सीमा से लगे पश्चिमी यूपी के जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।