India News (इंडिया न्यूज),Aaj ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में 9 दिन बाद सूरज की तपिश ने एक बार फिर लोगों को भीषण गर्मी की याद दिला दी। चिलचिलाती धूप के कारण दोपहर के समय लोगों को असहजता महसूस हुई। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन तापमान में और बढ़ोतरी होगी। इसके बाद हवाएं तेज होंगी और तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान बढ़ने लगा है। धीरे-धीरे गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रह सकता है। 26 और 27 मार्च को भी काफी गर्मी रहेगी। हालांकि, 27 मार्च को दोपहर से हवाएं तेज हो सकती हैं। इन दोनों दिन सुबह के समय काफी गर्मी रह सकती है। दोनों दिन अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री रहेगा। इसके बाद 28 से 30 मार्च तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। हवाएं तेज रहेंगी। इनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। तेज हवाओं के कारण तापमान में कमी आएगी। अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 19 डिग्री के आसपास रह सकता है।

अगले तीन दिन तेजी से बढ़ेगा तापमान

स्काईमेट के अनुसार, मार्च अब तक लगभग सूखा ही रहा है। इस महीने की शुरुआत में मात्र दो मिमी बारिश हुई थी। उसके बाद से बारिश नहीं हुई है। महीने के अंत तक मौसम शुष्क रहेगा। अब शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण अगले तीन दिन तापमान तेजी से बढ़ेगा। इस बीच एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर पहुंचेगा। इसका असर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊपरी इलाकों पर ही रहेगा। हालांकि, हवा की दिशा बदलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। मार्च के अंत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंडी हवाएं चलेंगी। इसके कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

अप्रैल से शुरू होगा प्री-मानसून सीजन

अप्रैल से गर्म और उमस भरा प्री-मानसून सीजन शुरू हो जाएगा। अप्रैल और मई को प्री-मानसून सीजन कहा जाता है। स्काईमेट के मुताबिक इस दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और हवा में नमी भी बढ़ेगी। इस वजह से गर्मी का एहसास ज्यादा होगा। आमतौर पर अप्रैल में ही लू चलने लगती है। इस साल भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना है।

राजस्थान में बढ़ रहा तापमान

राजस्थान में गर्मी के दिन आने लगे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार सक्रिय होने से मार्च के दूसरे और तीसरे सप्ताह में मौसम बदलता रहा। आसमान में बार-बार बादल छाने और बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया था लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है और गर्मी के दिन शुरू हो गए हैं। पिछले तीन दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दो दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने से तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। 27 और 28 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। तेज धूप खिलने से मार्च के आखिरी दिनों में मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी बढ़ने का अनुमान है। खासकर दिन के समय गर्मी काफी परेशान करती है।

27 मार्च से यूपी में शुरू हो सकती है लू

उत्तर प्रदेश में मौसम हर दिन बदल रहा है। 25 मार्च को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में मौसम साफ रह सकता है। इसी तरह 26 मार्च को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इन दोनों दिनों में प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है और कहीं भी तेज हवा चलने का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन 27 मार्च से प्रदेश में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है।

महाराष्ट्र सरकार कुणाल कामरा पर हुई और भी ज्यादा सख्त, सरकार करेगी कॉमेडियन के CDR की जांच, अभी और बढ़ेगीं मुश्किलें

‘पंजाब में खुल्लम-खुल्ला मिल रहे ISI और खालिस्तानी…’ पाक एक्सपर्ट के दावे से भारतीय खुफिया एजेंसियों के उड़े होश