इंडिया न्यूज, नई दिल्ली:
(Stock Market) 2 दिन की तेजी के बाद सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 6 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार फिर से लाल निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स Sensex में 555 अंकों की गिरावट आई। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 176 अंक टूटा। आज सेंसेक्स 59,189.73 और निफ्टी 17,646.00 के स्तर पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 59963.57 और निफ्टी 17,884.60 की ऊंचाई तक पहुंचा था लेकिन मेटल व आईटी स्टॉक्स में प्रॉफिट बुकिंग के चलते तेजी बरकरार न रह सकी और मार्कीट डाउन हो गई।
Sensex पर एचडीएफसी बैंक को छोड़ अन्य बैंकिंग शेयरों में गिरावट का रूझान रहा और निफ्टी के सभी सेक्टर्स के इंडेक्स में गिरावट रही। सबसे अधिक गिरावट निफ्टी मेटल में 2.98 फीसदी की रही। इससे पहले दिन के शुरूआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 88 अंक बढ़त के साथ 59,833.74 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 47.20 अंकों (0.26 फीसदी) की तेजी के साथ 17,869.50 के स्तर पर खुला था। आज मीडिया से लेकर मेटल तक सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मीडिया, आईटी, फाइनेंस सर्विस, बैंक, प्राइवेट बैंक, आॅटो, मेटल, फार्मा, पीएसयू बैंक, रियल्टी और एफएमसीजी शामिल हैं।
Dow Jones में आई थी तेजी
बता दें कि एक दिन पहले अमेरिका के शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 0.94 फीसदी चढ़कर 34,314 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 1.25 फीसदी की बढ़त के साथ 14,433 पर और एस एंड पी 500 1.05 फीसदी चढ़कर 4,345 पर बंद हुआ था।