India News (इंडिया न्यूज), Kolkata Minor Girl Rape and Murder Case: पश्चिम बंगाल में बलात्कार और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पहले आरजी कर अस्पताल, फिर कृष्णानगर और अब जयगांव से खबर सामने आई है। दरअसल, अलीपुरद्वार जिले के जयगांव में सात साल की बच्ची के साथ बलात्कार के बाद उसे जिंदा जलाने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वाई. रघुवंशी ने बताया कि इस जघन्य अपराध के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मुख्य आरोपी के शरीर पर पीड़िता के नाखून के निशान मिले हैं। इससे डीएनए जांच में मदद मिलेगी। फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आठ दिनों से लापता बच्ची का जला हुआ शव मंगलवार को बरामद हुआ। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
एएसपी मानवेंद्र दास के अलावा एसडीपीओ व अन्य वरीय अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों का कहना है कि बेटी के साथ रेप किया गया और फिर उसे जलाकर मार दिया गया। जांच में जुटी पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी बबलू मियां को गिरफ्तार किया। वो आठ दिन पहले युवती को अपने साथ ले गया था। उसका बच्ची के घर आना-जाना था। उसके बाद बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलीपुरद्वार कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
इस घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला है। दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। बुधवार को जब वो पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बलात्कारियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं।
Get Current Updates on News India, India News, News India sports, News India Health along with News India Entertainment, India Lok Sabha Election and Headlines from India and around the world.