India News (इंडिया न्यूज), Devendra Fadnavis Talked To Shinde: महाराष्ट्र में सीएम पद को लेकर महायुति में घमासान मचा हुआ है। एकनाथ शिंदे ने साफ कह दिया है कि मुख्यमंत्री बीजेपी से ही होगा, इसके बावजूद कयासों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिस तरह से वह अपने गांव गए हैं। लगातार मीटिंग कैंसिल हो रही हैं, उससे माना जा रहा है कि एकनाथ शिंदे नाराज हैं। बीजेपी उनसे बात नहीं कर पा रही है। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे को फोन किया है। उन्होंने उनसे बात की है। शपथ ग्रहण से पहले इसे बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। क्योंकि बीजेपी ने सीएम तय करने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। जल्द ही सीएम पद के लिए चेहरे का ऐलान हो जाएगा।
अपने गांव सतारा गए थे एकनाथ शिंदे
हम आपको जानकारी के लिए बता दें कि, एकनाथ शिंदे अपने गांव सतारा गए थे। दावा किया जा रहा है कि उनकी तबीयत खराब है। उन्हें तेज बुखार है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इसके बाद उन्होंने अपनी सभी अपॉइंटमेंट कैंसिल कर दी हैं। वह किसी से मिल नहीं रहे हैं। महाराष्ट्र की राजनीति पर नजर रखने वाले इसे राजनीतिक कदम बता रहे हैं। उनके मुताबिक शिंदे शायद कुछ मंत्रालयों को लेकर नाराज हैं। इसलिए वह बीजेपी नेताओं से बात नहीं कर रहे हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने शिंदे से फोन पर की बात
सोमवार को बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे से फोन पर बात की। उन्होंने उनका हालचाल पूछा। उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि उनकी बातचीत में सिर्फ शिंदे के स्वास्थ्य के बारे में चर्चा हुई। नए मुख्यमंत्री को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। देवेंद्र फडणवीस का शिंदे को फोन करना काफी अहम माना जा रहा है। क्योंकि सीएम पद की रेस में देवेंद्र फडणवीस काफी आगे हैं।
शिंदे ने कही थी ये बात
इससे पहले रविवार को ठाणे लौटने पर एकनाथ शिंदे ने कहा था कि, महाराष्ट्र चुनाव में बीजेपी 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वही मुख्यमंत्री का फैसला करेगी। सीएम पद को लेकर महायुति में कोई मतभेद नहीं है। तीनों पार्टियां मिलकर सरकार चलाएंगी और महाराष्ट्र की जनता से किए गए वादों को पूरा करेंगी। शिंदे ने यह भी कहा था कि मंत्रालयों के बंटवारे पर देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार से चर्चा की जाएगी। लेकिन उनके इतना कहने के बाद भी सोमवार को होने वाली महायुति की बैठक रद्द कर दी गई। इससे कई तरह की अटकलें लगने लगी हैं।