India News (इंडिया न्यूज़),Chandrayaan 3 Mission Updates: भारत के मिशन ‘चंद्रयान-3’ को एक और बड़ी सफलता मिली है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने मंगलवार (29 अगस्त) एक पोस्ट के जरिये ये जानकारी दी कि रोवर पर लगे पेलोड के माध्यम से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव में सल्फर, ऑक्सीजन और अन्य तत्वों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।
सल्फर (S) की मौजूदगी की पुष्टि
इसरो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”इन-सीटू (यथास्थान) वैज्ञानिक प्रयोग जारी हैं। पहली बार इन-सीटू मेजरमेंट्स के जरिये रोवर पर लगा उपकरण ‘लेजर-इंड्यूस्ड ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोप’ (LIBS) स्पष्ट रूप से दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रमा की सतह में सल्फर (S) की मौजूदगी की पुष्टि करता है। उम्मीद के अनुसार Al, Ca, Fe, Cr, Ti, Mn, Si, और O (ऑक्सीजन) का पता चला है। हाइड्रोजन (H) की खोज जारी है।” इसरो ने बताया है कि एलआईबीएस नामक यह पेलोड बेंगलुरु स्थित इसरो की प्रयोगशाला इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम्स (एलईओएस) में विकसित किया गया है।
चंद्रमा पर क्या-क्या मिला?
इसरो ने एक ग्राफ के माध्यम से चंद्र सतह पर मिले तत्वों के बारे में बताया है। इसरो के मुताबिक, चंद्र सतह पर एल्युमीनियम (Al), सल्फर (S), कैल्शियम (Ca), आयरन (Fe), क्रोमियम (Cr) और टाइटेनियम (Ti) की मौजूदगी का पता चला है। आगे के मेजरमेंट्स से मैंगनीज (Mn), सिलिकॉन (Si) और ऑक्सीजन (O) की उपस्थिति का पता चला है। हाइड्रोजन की मौजूदगी के संबंध में गहन जांच जारी है।
ये भी पढ़ें –
- RRTS: दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस में सुरंग बनाने का काम हुआ पूरा, एनसीआरटीसी ने दी जानकारी, जल्द खुलेगा जनता के लिए
- UP Politics: BSP नें किया इमरान मसूद को पार्टी से बर्खास्त, अब थामेंगें कांग्रेस का हाथ?