India News (इंडिया न्यूज़), Chandrayaan 3 Moon Landing, नई दिल्ली: भारत का मिशन ‘चंद्रयान-3’ ने बुधवार, 23 अगस्त शाम को चंद्रमा पर सफल लैंडिंग कर ली है। चंद्रमा की सतह पर ‘चंद्रयान-3’ ने निर्धारित शेड्यूल के तहत सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की है। पूरी दुनिया में ‘चंद्रयान-3’ की सफलता का डंका बज रहा है। इसका अंदाजा ISRO के चंद्रयान-3 को लेकर विदेशी मीडिया की कवरेज से लगा सकते हैं। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और चीन से लेकर रूस, अमेरिका और ब्रिटेन की मीडिया ने चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग पर क्या कुछ कहा है। आइये यहां पर जानते हैं।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर क्या बोला चीन?
चीन के बीजिंग आधारित एक न्यूज चैनल CGTN की वेबसाइट पर चंद्रयान-3 को लेकर एक लाइन की खबर प्रकाशित हुई। जिसमें कहा गया, “भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के मुताबिक, भारत के चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान ने बुधवार को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की।”
“भारत पहला देश बना जिसने…”- पाकिस्तान
वहीं पाकिस्तान के न्यूजपेपर डॉन ने चंद्रयान-3 की सफलता पर कहा, “भारत पहला देश बन गया है जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास अंतरिक्ष यान उतारा।” अपनी रिपोर्ट में पाकिस्तानी अखबार ने बताया, “यह दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाले देश और उसके महत्वाकांक्षी, कम कीमत वाले अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक ऐतिहासिक जीत है।”
इसके साथ ही अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने चंद्रयान-3 को लेकर कहा, “भारत चंद्रमा पर है: लैंडर की सफलता ने देश को अगले अंतरिक्ष अध्याय की ओर अग्रसर किया।” न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा, “चंद्रयान-3 मिशन सही सलामत भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र तक पहुंचाने वाला पहला देश बनाता है। साथ ही और इसके अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों में वृद्धि करता है।”
चंद्रयान-3 की सफलता पर क्या बोली रूसी मीडिया
अपनी रिपोर्ट में रूसी न्यूज एजेंसी TASS ने बताया कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी कि ISRO ने कहा, “भारत का चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान चांद की सतह पर सफलतापूर्वक उतर गया। इसरो के लाइव प्रसारण के मुताबिक, अंतरिक्ष यान ने शाम 6:03 बजे (मास्को समय के अनुसार अपराह्न 3:33 बजे) चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की।”
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि ISRO के CEO एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक उतर गया है! भारत चंद्रमा पर है!”
Also Read:
- Petrol-Diesel के ताजा रेट जारी, जानें क्या है देश के इन शहरों में तेल की कीमत
- UP-उत्तराखंड सहित दिल्ली में आज भी होगी बारिश, इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम