India news(इंडिया न्यूज), Aaj ka Mausam: देशभर में मौसम लगातार बदल रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। वहीं, दिन में खिली तेज धूप ने लोगों को जनवरी में ही मार्च जैसा अहसास करा दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से फरवरी की शुरुआत में पहाड़ों पर भारी बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं का असर महसूस किया जा सकता है। आईएमडी के मुताबिक, 4 और 5 फरवरी के दौरान दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है।

फिर मौसम बदलने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में बारिश हो सकती है, जिसके कारण दिन में ठंडी हवाएं चलेंगी। हालांकि, इस दौरान तापमान में कोई गिरावट नहीं होगी। आईएमडी के अनुसार, 31 जनवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह और शाम को हल्का कोहरा रह सकता है, लेकिन दिन में तेज धूप निकलेगी।

ठंड का असर होगा कम

उत्तर प्रदेश में सुबह और रात में हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दिन में धूप निकलेगी, जिससे ठंड का असर कम होगा। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी को राज्य के कुछ इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा एक से पांच फरवरी तक राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। बिहार के अधिकांश जिलों में इन दिनों सुबह के समय शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। हालांकि, दिन में धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत है। आईएमडी ने 31 जनवरी को बिहार के 16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, एक फरवरी के बाद रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।

4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

झारखंड के अधिकांश स्थानों पर पिछले 24 घंटे के अंदर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया, जिससे राज्य में ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके अलावा 31 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन इससे तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। उत्तराखंड में भी मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

Petrol Diesel Latest Price: पेट्रोल-डीजल की नई कीमतों का हुआ ऐलान, घर से निकलने से पहले जान लीजिए आपके शहर में क्या है भाव?

3 दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले 3 दिन तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा आज और कल ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले और निचले इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान है। कश्मीर में सर्दी का सबसे कठोर दौर माना जाने वाला 40 दिन का चिल्ला-ए-कलां खत्म हो गया है। मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर के कई स्थानों पर बादल छाए रहने से बारिश की उम्मीद जगाई है। इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी से एक फरवरी के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

Exclusive:दुनिया में भारत का होगा दबदबा, अमित शाह ने PM Modi के विकसित भारत के रोड मैप का किया खुलासा