गुजरात में पहले चरण में 89 सीटों पर एक दिसंबर को चुनाव होगा। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। अब 17 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। चुनाव प्रचार के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप और टिकट के लिए बगावती रूख भी सामने आने लगे हैं। ऐसे में कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 37 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है।

 

कांग्रेस ने जारी की 37 उम्मीदवारों की अंतिम सूची

पार्टी ने 182 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में कुल 179 प्रत्याशी घोषित किए हैं। उसने तीन सीटें सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लिए छोड़ी हैं। राकांपा उमरेठ (आनंद जिला), नरोदा (अहमदाबाद) और देवगढ़ बरिया (दाहोद जिला) में चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की अंतिम सूची में पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र सिंह वाघेला का नाम भी है। महेंद्र सिंह वाघेला बायड विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पालनपुर से महेश पटेल, गांधीनगर उत्तर से वीरेंद्र सिंह वाघेला, वड़ोदरा शहर से जी.परमार और कालोल से प्रभात सिंह को टिकट दिया गया है।

भाजपा उम्मीदवारों की भी पांचवीं सूची जारी

भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इसमें तीन प्रत्याशियों के नाम हैं। खेरालु विधानसभा सीट से सरदार सिंह चौधरी, मानसा से जयंतीभाई पटेल और गरबाड़ा से महेंद्रभाई भाभोर को उम्मीदवार बनाया गया है।

ये भी पढ़ें – Shradha Murder Case: श्रद्धा की वो एक गलती जिसकी वजह से चली गई जान, खूद को बचा सकती थी श्रद्धा