Coronavirus: कोविड संक्रमण के मामलों में राष्ट्रीय स्तर पर गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि 18 राज्यों के 52 जिलों में, पिछले सप्ताह 10 परसेंट से अधिक सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमण का प्रसार 146 जिलों में 5 परसेंट से ज्यादा दर्ज किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट से शुक्रवार को यह पता चला कि अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वेली जिले में 100 परसेंट कोविड सैंपल संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण की दर 94 जिलों में 10 परसेंट दर्ज की गई है।

आपको बता दें कि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश के अलावा मिजोरम के भी कुछ जिलों में 26 अगस्त से लेकर 1 सितंबर के बीच कोरोना संक्रमण 20 से 40 परसेंट के बीच दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड संक्रमण के मामलों में गिरावट दर्ज हुई है। अस्पतालों में भी संक्रमण का असर नहीं देखने को मिल रहा है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 14.23, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में 10.07 और रूद्रप्रयाग में 10 परसेंट कोविड के सैंपल संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिणी जिले में 5.66 परसेंट, गाजियाबाद में 5.63 परसेंट, नूह और गुरुग्राम में 7.92 और 6.64 फीसदी और गाजियाबाद में 5.63 संक्रमण दर्ज किया गया है।

कोविड संक्रमण के 6,168 नए केस

कोरोना वायरस के मामलों में देश में धीरे-धीरे करके लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 6,168 लोग बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमित मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना से एक दिन में 9,685 लोग ठीक हुए हैं। वहीं कोविड से स्वस्थ होने की दर देश में 98.68 फीसदी पहुंच गई है।

देश में कोविड के कुल मामलों की संख्या

देश में अब तक कोविड के कुल केसों की संख्या 4,44,42,507 हो चुकी है। जिनमें से 4,38,55,365 लोग कोविड से ठीक हो चुके हैं। दैनिक सकारात्मकता दर 1.94 परसेंट रही है। साथ ही कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 2,12,75,23,421 है।