India News (इंडिया न्यूज), Cyclone Dana: चक्रवाती तूफान ‘दाना’ का असर देश के कई हिस्सों में दिख रहा है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और पड़ोसी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। गुरुवार को भी बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी इन राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) ने अपने अधिकार क्षेत्र से गुजरने वाली 170 से ज्यादा एक्सप्रेस और दूसरी ट्रेनें रद्द कर दी हैं। दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम सामान्य रहेगा। दिन में धूप के साथ हवा का असर देखने को मिलेगा। जानिए बाकी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
ओडिशा में ‘दाना’ चक्रवात का असर
ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश जारी है। तूफानी हवाओं के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आईएमडी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान दाना का कहर शुक्रवार सुबह-सुबह ओडिशा के तट पर देखने को मिल सकता है। इस दौरान यहां हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
12 किलोमीटर प्रति घंटे रफ्तार से आ रहा तूफान
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘दाना’ पिछले छह घंटों में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है। तूफान के कारण भद्रक, बालासोर, जाजपुर, कटक, खुर्दा, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा और पुरी के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है और दिन में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
भारत के 10 राज्यों में भारी तबाही मचाने वाला है ‘दाना तूफान’, NDRF की टीमों को किया गया तैनात
झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश के आसार
चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के असर से झारखंड के कई इलाकों में आज भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। कोल्हान क्षेत्र (पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले) में आज के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि भारी बारिश के अलावा इलाके में वज्रपात हो सकता है और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश से हालात बिगड़े
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में गुरुवार सुबह से मध्यम से भारी बारिश हुई। चक्रवाती तूफान ‘दाना’ का असर राज्य में साफ दिखाई दे रहा है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी इलाके में 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल रही हैं, जो बढ़कर 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। आज सुबह से ही बंगाल के तटीय जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है।
विनाशकारी तूफान ‘दाना’ कितना खतरनाक? 300 फ्लाइट-552 ट्रेनें रद्द, 7 राज्यों में अलर्ट