India News (इंडिया न्यूज), Delhi CM Atishi: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने दो दिन पहले नए मंत्रिमंडल के साथ दिल्ली के आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वह आज यानि सोमवर (23 सितंबर) दोपहर 12 बजे दिल्ली सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगी। बताया जा रहा है कि वह सोमवार को दिल्ली मंत्रिमंडल की बैठक बुलाकर कुछ अहम फैसले भी ले सकती हैं। इस बीच खबर आया है कि दिल्ली विधानसभा का सत्र 26 और 27 सितंबर को होगा।
आतिशी के पास कौन-कौन से मंत्रालय
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने उन 13 विभागों को अपने पास बरकरार रखा है। जो केजरीवाल सरकार के समय उनके पास थे। इन विभागों में शिक्षा, राजस्व, वित्त, बिजली और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) शामिल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि उनके (आतिशी) सोमवार को कार्यभार संभालने की संभावना है। अन्य मंत्रियों के भी कल कार्यभार संभालने की संभावना है। आतिशी के नेतृत्व वाली नई कैबिनेट के पास पहले से ही लंबित परियोजनाओं, योजनाओं और नई पहलों की लंबी सूची है, जिन पर अगले साल फरवरी में प्रस्तावित दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले काम शुरू करने की योजना है।
किस मंत्री को क्या मिला?
- आप नेता सौरभ भारद्वाज ने शनिवार (21 सितंबर) को ही मंत्री पद का कार्यभार संभाल लिया। आतिशी के बाद भारद्वाज के पास सबसे ज्यादा आठ विभागों की जिम्मेदारी है।
- दिल्ली सरकार में नए मंत्री बनाए गए मुकेश अहलावत को श्रम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, रोजगार और भूमि एवं भवन विभाग का प्रभार दिया गया है।
- केजरीवाल सरकार में मंत्री रह चुके गोपाल राय को विकास, सामान्य प्रशासन विभाग, पर्यावरण एवं वन का प्रभार दिया गया है।
- नजफगढ़ से विधायक कैलाश गहलोत को पहले की तरह परिवहन, गृह, प्रशासनिक सुधार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौपी गई है।
- बल्लीमारान विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे इमरान हुसैन को खाद्य एवं आपूर्ति तथा चुनाव विभाग दिया गया है।