India News(इंडिया न्यूज), Delhi Heatwaves: लू का प्रकोप अभी भी जारी है, लोगों को कोई राहत देखने को नहीं मिल रही है। इस बीच बहुत सो लोगों की जान जा रही है। आपको बता दें कि उत्तराखंड, बिहार और झारखंड समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान 46 डिग्री से ऊपर जा रहा है। भीषण गर्मी और उमस के कारण बिहार में 22 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़े बढ़ने की संभावना है क्योंकि गर्मी का कहर देशभर में जारी है। आइए इस खबर में हम आपको बताते हैं कि आईएमडी ने आपके राज्य को लेकर क्या निर्देश जारी किए हैं।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
पिछले एक सप्ताह से राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के राज्यों में भीषण गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, बिहार और झारखंड समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान 46 डिग्री से ऊपर जा रहा है। पिछले 24 घंटों में भीषण गर्मी और उमस के कारण बिहार में 22 लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली में अभी भी नहीं राहत
दिल्लीवासियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा है। वर्षों के आंकड़े और रिकॉर्ड्स इस गर्मी ने तोड़े हैं। आईएमडी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो जून के सामान्य तापमान से 6 डिग्री अधिक है। आईएमडी के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में हीट इंडेक्स या तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया।
सोमवार को दिल्ली से पश्चिम बंगाल जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण तीन घंटे से अधिक देरी से उड़ी। यह तकनीकी खराबी जमीन के तापमान में वृद्धि के कारण हुई। हालांकि बुधवार से छिटपुट बारिश और धूल भरी आंधी के कारण राष्ट्रीय राजधानी को कुछ राहत मिलेगी, लेकिन फिलहाल कोई दीर्घकालिक राहत नहीं दिख रही है।
उत्तराखंड में भी पारा हाई
बात करें उत्तराखंड की तो देहरादून में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मसूरी में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पौड़ी और नैनीताल जैसे पहाड़ी शहर भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं क्योंकि पिछले तीन महीनों में बहुत कम या बिल्कुल भी बारिश नहीं हुई है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया – जो औसत से 6.7 डिग्री अधिक है। जम्मू-कश्मीर में कटरा में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जम्मू में पारा 44.3 डिग्री तक पहुंच गया।