इंडिया न्यूज़ (Union Budget 2023): संसद को बजट सत्र का तारीख का ऐलान हो गया है। इस बार संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरु हो रहा है। इस बात की जानकारी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट करके दी है। एक फरवरी को केंद्र सरकार वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट पेश करेगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट प्रस्ताव को संसद में पेश करेंगी। यह बजट मोदी सरकार 2.0 का अंतिम पूर्ण बजट होगा।

जाने कब तक चलेगा बजट सत्र?

प्रह्लाद जोशी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि संसद का बजट सत्र, 31 जनवरी 2023 से शुरु होगा और सामान्य अवकाश के साथ 66 दिनों में 27 बैठकों के साथ 6 अप्रैल तक चलेगा। अमृत ​​काल के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, केंद्रीय बजट और दूसरे मदों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं।

केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण एक फरवरी को सुबह 11 बजे संसद में केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करेंगी। इसी दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जनवरी को संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। वह दोनों सदनों को एक साथ सुबह 11 बजे संबोधित कर आधिकारिक तौर पर बजट सत्र की शुरुआत करेंगी। बजट से एक दिन पहले 31 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्रालय ने 10 अक्टूबर, 2022 को अपने सालाना बजट बनाने की कवायद शुरू की थी।